1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. बड़वानी की श्रीजी कुंज कॉलोनी में 5 महीने से जल संकट, 60 परिवार परेशान; टैंकर से खरीदना पड़ रहा पानी

बड़वानी की श्रीजी कुंज कॉलोनी में 5 महीने से जल संकट, 60 परिवार परेशान; टैंकर से खरीदना पड़ रहा पानी

बड़वानी की श्रीजी कुंज कॉलोनी में पिछले पांच महीनों से जल संकट के कारण 50-60 परिवार परेशान हैं। रहवासियों को 300 रुपये खर्च कर निजी टैंकरों से पानी मंगवाना पड़ रहा है। नगर पालिका ने मौके पर जांच कराने और नई टंकियों व मोटरों के जरिए जलापूर्ति सुधारने का भरोसा दिया है।

By: Nivedita 
Updated:
बड़वानी की श्रीजी कुंज कॉलोनी में 5 महीने से जल संकट, 60 परिवार परेशान; टैंकर से खरीदना पड़ रहा पानी

बड़वानी।  शहर की श्रीजी कुंज कॉलोनी में पेयजल की समस्या से रहवासी परेशान हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले पांच महीनों से नियमित जलापूर्ति नहीं होने के कारण करीब 50 से 60 परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि लोगों को अपनी जरूरतें पूरी करने के लिए निजी टैंकरों से पानी मंगवाना पड़ रहा है। नगर पालिका ने मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया है।

चार-पांच दिन में भी नहीं मिल रहा पानी

कॉलोनी के रहवासियों का कहना है कि पहले हर तीसरे दिन नलों से पानी मिलता था, लेकिन अब चार से पांच दिन तक इंतजार करना पड़ता है। जलापूर्ति होने पर भी पानी केवल 10 मिनट तक आता है, जिससे घरेलू जरूरतें पूरी करना मुश्किल हो रहा है। कॉलोनी में हैंडपंप और कुएं की सुविधा नहीं होने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।

300 रुपये में मंगवाना पड़ रहा टैंकर

पानी की कमी के चलते परिवारों को निजी टैंकरों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। कॉलोनी निवासी कविता तिवारी के मुताबिक, हर 8 से 15 दिन में करीब 300 रुपये खर्च करके टैंकर बुलाना पड़ता है। इससे परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। पर्याप्त पानी नहीं मिलने से खाना बनाने, सफाई और अन्य दैनिक कार्यों में भी दिक्कतें आ रही हैं।

 

 

नगर पालिका ने जांच का दिया आश्वासन

मामले को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि निक्कू चौहान ने कहा कि वाटरमैन की जानकारी और रहवासियों की शिकायतों में अंतर है। ऐसे में मौके पर जांच कराकर वास्तविक स्थिति का पता लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि जलापूर्ति व्यवस्था प्रभावित होने के पीछे इंटेकवेल की एक मोटर खराब होना और करीब 20 साल पुराने कई पंपों का इस्तेमाल भी कारण हो सकता है।

नई टंकियों और मोटर बदलने से सुधार की उम्मीद

नगर पालिका प्रतिनिधि के अनुसार, शहर में दो नई पानी की टंकियों का निर्माण कराया जा रहा है। इसके अलावा दिसंबर में मोटर बदलने की योजना है। इन कार्यों के पूरा होने के बाद जलापूर्ति व्यवस्था में सुधार आने की उम्मीद जताई गई है। फिलहाल श्रीजी कुंज कॉलोनी के रहवासी नियमित पेयजल आपूर्ति बहाल होने का इंतजार कर रहे हैं। अब देखना होगा कि नगर पालिका की जांच के बाद समस्या के समाधान के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...