पन्ना । जिले के देवेंद्रनगर थाना परिसर में एक गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें एएसआई राजेंद्र नामदेव के उप निरीक्षक (सब-इंस्पेक्टर) पद पर पदोन्नत होने पर उनका सम्मान किया गया। थाना प्रभारी संतोष सिंह यादव ने उनके कंधों पर स्टार लगाकर नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
समारोह के दौरान थाना प्रभारी संतोष सिंह यादव ने राजेंद्र नामदेव को पदोन्नति की बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनकी कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और उत्कृष्ट सेवा का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि नई जिम्मेदारी में भी वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।

थाना प्रभारी ने कहा कि पदोन्नति केवल सम्मान नहीं, बल्कि जिम्मेदारियों में वृद्धि का अवसर भी है। उन्होंने नवपदोन्नत उप निरीक्षक से उम्मीद जताई कि वे अपनी कार्यशैली से पुलिस विभाग की गरिमा को और मजबूत करेंगे तथा जनता के प्रति संवेदनशील और निष्पक्ष सेवा जारी रखेंगे।
समारोह में उपस्थित थाना स्टाफ ने भी उप निरीक्षक राजेंद्र नामदेव को पदोन्नति की बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का माहौल उत्साह और सम्मान से भरपूर रहा।