रिपोर्ट- पल्लवी त्रिपाठी
लखनऊ : कोरोना संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ती ही जा रही है। ऐसे में मौतों का आंकड़ा भी डराने वाला है। इसी बीच आज सुबह करीब साढ़े 6 बजे ऑक्सीजन एक्सप्रेस ट्रेन 30 हजार लीटर लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन (Liquid Medical Oxygen) लेकर लखनऊ पहुंची।
इस पर नॉर्थर्न रेलवे ने बयान जारी कर कहा कि ऑक्सीजन की कमी की समस्या को देखते हुए आने वाले दिनों के लिए ऐसी और ट्रेनों की व्यवस्था की जा रही है। लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन की कमी नहीं होने दी जाएगी।
Second Oxygen special train with tankers of oxygen arrives in Lucknow from Bokaro in Jharkhand pic.twitter.com/HQMpeA7VHt
— ANI UP (@ANINewsUP) April 24, 2021
बता दें सूबे की योगी सरकार ने झारखंड से लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन लाने के लिए रेलवे से मदद मांगी थी। जिसके चलते शनिवार को ऑक्सीजन लखनऊ पहुंचाया गया। बीते बुधवार को ऑक्सीजन एक्सप्रेस ट्रेन झारखंड के बोकारो के लिए रवाना हुई थी। गुरुवार रात को वहां ट्रेन के टैंकर में लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन भरी गई और फिर ट्रेन को लखनऊ के लिए रवाना कर दिया गया।
माना जा रहा है कि ऑक्सीजन की बढ़ती मांग को देखते हुए इसे लखनऊ समेत वाराणसी और फैजाबाद भी भेजा जा सकता है। रेलवे अधिकारी ने कहा कि ‘लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन लाने के लिए इस बार सिर्फ 2 चैंबर बोकारो भेजे गए थे. आने वाले दिनों में और LMO(Liquid Medical Oxygen) ऑक्सीजन एक्सप्रेस ट्रेन की मदद से मंगवाई जाएगी।’
आपको बताते चलें कि विशाखापट्टनम, जमशेदपुर, राउरकेला और बोकारो में लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन भरा जा रहा है। बताया जा रहा है कि ट्रेन के जरिए LMO को देशभर में भेजने की योजना बनाई जा रही है।
यूपी के एडिशनल चीफ सेक्रेटरी अवनीश कुमार अवस्थी ने कहा कि ‘बोकारो से आई लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन से लखनऊ में आज की डिमांड आधी पूरी हो जाएगी। दूसरी ऑक्सीजन एक्सप्रेस ट्रेन LMO लेने के लिए चार टैंकरों को लेकर बोकारो के लिए लखनऊ से निकल चुकी है। लखनऊ में हालात जल्द सुधरेंगे।’