रिपोर्ट: सत्यम दुबे
लखनऊ: यूपी में सीएम योगी की नीति और रणनीति का ही परिणाम है, कि सूबे में कोरोना महामारी काबू में है। कोरोना महामारी की स्थिति नियंत्रित होने के बाद योगी सरकार ने तय किया कि सोमवार 16 अगस्त से सूबे के कक्षा 9वीं से 12वीं तक के सभी स्कूल खोल दिए जाएं। आज से कक्षा 9वीं से 12वीं तक के सभी स्कूलों को खोल दिया गया। योगी सरकार ने महामारी की गंभीरता को देखते हुए स्कूलों में छात्रों की 50 फीसदी उपस्थिति की ही इजाजत दी है।
आपको बता दें कि कोरोना महामारी अभी पूरी तरह से खत्म नहीं हुआ है, ऐसे में छात्रों को सोशल डिस्टेंसिंग का सख्ती से पालन कराने के साथ अनिवार्य रूप से मास्क पहनने को कहा गया है। वहीं, 6वीं से 8वीं तक के छात्रों के लिए 1 सितंबर से स्कूल खोले जायेंगे।
एडीशनल चीफ सेक्रेटरी नवनीत सहगल ने महामारी को ध्यान में रखते हुए पहले ही बता दिया था, कि 16 अगस्त से स्कूल में 50 फीसदी क्षमता के साथ पढ़ाई शुरू कर दी जाएगी। कोरोना वायरस के कारण छात्रों की पढ़ाई का काफी नुकसान हुआ है। जिसके मद्देनजर योगी सरकार ने स्कूल खोलने का निर्णय लिया है।
स्कूल के दौरान सरकार की ओर से जारी गाइडलाइन के अनुसार छात्रों, शिक्षकों और स्कूल के अन्य कर्मचारियों को कोविड-19 प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन करना। उन्हें मास्क पहनना अनिवार्य है। बिना मास्क में स्कूल में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। सरकार की ओर से कहा गया कि राज्य में कोरोनावायरस को लेकर स्थिति नियंत्रित होने के मद्देनजर, सीएम ने सभी शिक्षण संस्थानों में नए सत्र के लिए तैयारी शुरू करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
पिछले 24 घंटे में अलीगढ़, अमेठी, बलिया, बहराइच, चित्रकूट, फर्रुखाबाद, हाथरस, फिरोजाबाद, हरदोई, कासगंज, कौशांबी, महोबा, सहारनपुर, शामली और सोनभद्र सहित प्रदेश के 14 जिले कोरोना मुक्त हो गये हैं। कहीं कहीं मामले सामने आ रहें हैं, लेकिन वो मामले सिंगल डिजिट में हैं।