शेखपुरा। गांधी जयंती के अवसर पर शेखपुरा सदर अस्पताल में स्वच्छता और जनसेवा को समर्पित कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान अस्पताल के सफाई कर्मियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही टीबी से पीड़ित मरीजों को आवश्यक सामग्री के पैकेट वितरित किए गए।
अस्पताल परिसर को स्वच्छ और सुरक्षित बनाए रखने में योगदान देने वाले सफाई कर्मियों को कार्यक्रम के दौरान सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने उनके कार्य की सराहना करते हुए कहा कि अस्पताल की स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में सफाई कर्मियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम के तहत निजी अस्पताल के सहयोग से टीबी से पीड़ित 50 मरीजों को जरूरत की सामग्री के पैकेट वितरित किए गए। इस पहल का उद्देश्य मरीजों को सहयोग उपलब्ध कराने के साथ टीबी के प्रति जागरूकता बढ़ाना बताया गया।

गांधी जयंती के मौके पर सदर अस्पताल के अंदर और बाहरी परिसर में विशेष सफाई अभियान भी चलाया गया। इसमें चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, सफाई कर्मियों और पैरामेडिकल विद्यार्थियों ने सहभागिता की। अभियान के दौरान अस्पताल परिसर को साफ रखने और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में अधिकारियों और स्वास्थ्यकर्मियों ने स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाओं और जनहित के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों से भी परिसर में स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग की अपील की। कार्यक्रम में एसीएमओ डॉ. अशोक कुमार सिंह, डॉ. आशीष रंजन, डॉ. अंजनी कुमारी, अस्पताल प्रबंधक धीरज कुमार सहित अस्पताल के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।