1. हिन्दी समाचार
  2. विदेश
  3. अब महिलाएं भी रख सकेगीं एक से ज्यादा पति, सरकार लेकर आई है प्रस्ताव

अब महिलाएं भी रख सकेगीं एक से ज्यादा पति, सरकार लेकर आई है प्रस्ताव

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
अब महिलाएं भी रख सकेगीं एक से ज्यादा पति, सरकार लेकर आई है प्रस्ताव

रिपोर्ट: सत्यम दुबे

नई दिल्ली: अब तक आपने एक पति की कई पत्नियों के बारे में तो सुना होगा, लेकिन क्या आपने एक पत्नी के कई पतियों के बारे में सुना है। चौंकिए मत, हम ऐसा इसलिए कह रहें हैं कि अब दक्षिण अफ्रीका में ऐसा ही होने वाला है। दरअसल, दक्षिण अफ्रीकी सरकार ऐसा ही एक प्रस्ताव लाकर सुर्खियों में आ गई है। प्रस्ताव के अनुसार, महिलाएं एक से ज्यादा पति रख सकती हैं। हालांकि इस देश में पुरूषों के लिए पहले से ही एक से ज्यादा शादी करने की व्यवस्था है और अब सरकार ऐसा ही कुछ महिलाओं के लिए भी करना चाहती है।

लेकिन दक्षिण अफ्रीकी सरकार के इस फैसले को लेकर दक्षिण अफ्रीका के रुढ़िवादी संगठन नाराज हैं। जाने-माने बिजनेसमैन और टीवी की लोकप्रिय हस्ती मूसा मसेलेकु इस प्रस्ताव के विरोध में खड़े हो गए हैं। उन्होंने कहा है कि इस प्रस्ताव के कानून बनने पर दक्षिण अफ्रीका की संस्कृति खत्म हो जाएगी।

मूसा ने आगे कहा कि महिलाएं कभी पुरुषों की जगह नहीं ले सकतीं हैं। उन्होंने इसके अलावा ये भी पूछा कि इस कानून के पास होने के बाद क्या महिलाएं पुरुषों के लिए लोबोला देंगी?  बता दें कि लोबोला को अफ्रीकी कल्चर में दुल्हन की कीमत कहा जाता है जिसे मर्दों द्वारा दिया जाता है।

इसके बाद उन्होने पूछा कि आखिर इस तरह के रिश्तों में बच्चों के क्या हालात होंगे। उन्होंने कहा कि पुरुष अगर एक से ज्यादा शादियां करता है तो ये एक प्रचलित प्रथा है लेकिन अगर महिला एक से ज्यादा शादियां करती हैं तो पुरुष इसे झेल नहीं पाएंगे क्योंकि वे बहुत ज्यादा ईर्ष्यालु होते हैं और समाज बिखर जाएगा।

आपको बता दें कि टीवी स्टार मूसा की खुद चार बीवियां हैं लेकिन उन्हें महिलाओं के लिए एक से ज्यादा शादी के कानून को लेकर परेशानी है। दक्षिण अफ्रीका के गृह विभाग ने इस प्रस्ताव को दिया है, और इसे ग्रीन पेपर में शामिल करने की डिमांड की गई है।

आपको बता दें दक्षिण अफ्रीका के पड़ोसी देश जिम्बाब्वे में पहले से ही महिलाओं के एक से अधिक पति रखने का चलन है।प्रोफेसर कॉलिन्स इस पर रिसर्च भी कर चुके हैं। उन्होंने एक समाचार चैनल से बातचीत में बताया कि इस तरह की शादियां आमतौर पर महिलाएं ही पहल करती हैं।

बात करें दक्षिण अफ्रीका के संविधान की तो यह दुनिया के सबसे प्रोग्रेसिव संविधानों में से है। यहां समलैंगिक विवाह को भी मान्यता मिली है और ट्रांसजेंडर्स को भी पूरे अधिकार मिलते हैं।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...