सुप्रीम कोर्ट की वरिष्ठ वकील इंदिरा जयसिंह ने निर्भया की मां से सोनिया गांधी के उदाहरण का अनुसरण करते हुए दोषियों को माफ करने का अनुरोध किया है। उनके माफी देने के सुझाव पर निर्भया की मां ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि, आखिर इंदिरा जयसिंह मुझे यह सुझाव देने वाली कौन हैं? पूरा देश दोषियों को फांसी चाहता है। उनके जैसे लोगों की वजह से ही रेप पीड़िताओं के साथ न्याय नहीं हो पाता।
इसके आगे निर्भया की मां ने कहा कि, मैं कभी दरिदों को माफ नहीं करूंगी। भगवान आकर कहें कि आशा तुम माफ कर दो, तब भी दरिदों को माफ नहीं करूंगी। इसके आगे निर्भया की मां ने कहा कि, विश्वास नहीं होता कि आखिर इंदिरा जयसिंह मुझे ऐसा सुझाव देने की हिम्मत कैसे कर सकती हैं। बीते सालों में सुप्रीम कोर्ट में उनसे कई बार मुलाकात हुई। उन्होंने एक बार भी हालचाल नहीं पूछा और आज वह दोषियों के लिए बोल रही हैं। ऐसे लोग रेपिस्टों का समर्थन करके अपनी आजीविका कमाते हैं। इसी के चलते रेप की घटनाएं रुक नहीं रही हैं।
बताते चले कि, शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट की सीनियर वकील इंदिरा जयसिंह ने सोनिया गांधी का उदाहरण देते हुए कहा था कि जैसे उन्होंने पति राजीव गांधी के हत्यारों को माफ किया था, वैसा ही निर्भया की मां को भी करना चाहिए।
गौरतलब हो कि, दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने निर्भया गैंगरेप केस के चारों दोषियों के खिलाफ नया डेथ वॉरंट जारी किया है। अब उन्हें 1 फरवरी को सुबह 6 बजे फांसी पर लटकाया जाएगा। निर्भया के दोषियों को 22 जनवरी को फांसी दी जानी थी, लेकिन एक दोषी ने दया याचिका दायर की ती और उसकी दया याचिका खारिज होने के बाद प्रक्रिया के तहत नया डेथ वॉरंट जारी करना पड़ा और फांसी की तारीख बढ़ानी पड़ी।