मैनपुरी कोतवाली क्षेत्र के माधौनगर में बुधवार रात एक परिवार को जिंदा जलाकर मारने की कोशिश की गई। घर में लगाई गई आग में जलने से बच्चे की मौत हो गई। वहीं दंपती और दो बेटियां गंभीर रूप से झुलस गईं। हालत गंभीर होने पर घायलों को सैफई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने के साथ ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
कोतवाली क्षेत्र के माधौनगर निवासी 45 वर्षीय राम बहादुर बुधवार की रात पत्नी सरला देवी, पुत्री रौली व शिखा और दो वर्षीय नाती ऋषि के साथ घर के एक कमरे में सो रहे थे।
आरोप है कि रात करीब 12 बजे होली पर डीजे बजाने को लेकर हुए विवाद के चलते रंजिश मान रहा पड़ोसी मुरारी छत के रास्ते घर में दाखिल हुआ। उसने कमरों की कुंड़ी बाहर से बंद कर दी। इसके बाद मिट्टी का तेल डालकर घर में आग लगाकर वहां से भाग गया। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया।