कोविड-19 यानी कोरोना वायरस लगातार जौनपुर में कहर बढ रहा है। संक्रमितों की संख्या यहां हर रोज नए रिकार्ड बना रही है। शनिवार को भी कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या में बड़ा इजाफा हुआ। 27 नए मरीजों के साथ यहां पॉजिटिव मरीजों की संख्या चार सौ को पार करते हुए 424 हो गई। चार सौ से ज्यादा मरीजों वाला जौनपुर पूर्वांचल का पहला और यूपी का सातवां जिला बन गया है। पूर्वांचल में वाराणसी को छोड़कर किसी जिले में संक्रमित मरीजों की संख्या दो सौ के पार भी नहीं पहुंची है। वाराणसी में शनिवार की शाम तक यह संख्या 270 थी।
पूरे यूपी की बात करें तो जौनपुर से ज्यादा कोरोना पॉजिटिव मरीज अब केवल छह जिलों में हैं। इनमें आगरा में सबसे ज्यादा 1023, नोएडा में 913, कानपुर नगर में 686, मेरठ में 614, गाजियाबाद में 601 और लखनऊ में 567 हैं। इन छह में से तीन जिले एनसीआर यानी राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में आते हैं।