बदायूं जिले के अलापुर कस्बे के वार्ड नंबर दो में गुरुवार सुबह करंट लगने के कारण देवर भाभी की मौत हो गई। बताया गया कि 60 वर्षीय सरोज देवी अपने घर में कपड़े धो रही थी। तभी अचानक उनके टब में तार टूट कर गिर गया, जिससे उनकी मौके पर मौत हो गई।
जब उनके देवर राजाराम ने देखा तो उन्हें लगा कि वह ऐसे ही बैठी हैं। उन्हें लगा कि शायद भाभी की तबीयत खराब हो गई है। उन्होंने सरोज देवी को पकड़कर उठाने का प्रयास किया, जिससे वह भी करंट की चपेट में आ गए और उनकी भी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।