1. हिन्दी समाचार
  2. Breaking News
  3. नए भवन से प्रशासनिक सेवाओं को मिलेगी गति, प्रभारी मंत्री राधा सिंह ने किया भूमि पूजन

नए भवन से प्रशासनिक सेवाओं को मिलेगी गति, प्रभारी मंत्री राधा सिंह ने किया भूमि पूजन

मैहर में करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले अत्याधुनिक जिला पंचायत भवन का भूमि पूजन प्रभारी मंत्री राधा सिंह ने किया। नए भवन से प्रशासनिक सेवाओं और पंचायत कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद है।

By: BS Yadav 
Updated:
नए भवन से प्रशासनिक सेवाओं को मिलेगी गति, प्रभारी मंत्री राधा सिंह ने किया भूमि पूजन

मैहर: जिले की प्रशासनिक व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मैहर में करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक जिला पंचायत भवन का निर्माण किया जाएगा। मंगलवार को आयोजित जल संवर्धन कार्यक्रम के दौरान प्रदेश की ग्रामीण विकास राज्य मंत्री एवं मैहर जिले की प्रभारी मंत्री राधा सिंह ने प्रस्तावित भवन का विधिवत भूमि पूजन किया।

भूमि पूजन कार्यक्रम में मैहर विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी, जिला पंचायत अध्यक्ष रामखेलावन कोल, भाजपा जिला अध्यक्ष कमलेश सुहाने, कलेक्टर विदिशा मुखर्जी, पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

ad

ad

 

प्रस्तावित जिला पंचायत भवन को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा। इसके निर्माण के बाद जिला पंचायत और पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग से संबंधित विभिन्न सेवाएं एक ही परिसर में उपलब्ध होंगी, जिससे आम नागरिकों को बेहतर और त्वरित सेवाएं मिल सकेंगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री राधा सिंह ने कहा कि मैहर जिला लगातार विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि नया जिला पंचायत भवन प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने के साथ-साथ जनता और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

मंत्री ने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह भवन ग्रामीण विकास योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता लाने में भी सहायक होगा। इससे जिले के विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और नागरिकों को विभिन्न सरकारी सेवाओं के लिए बार-बार अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी इस परियोजना को जिले के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि भवन के निर्माण से प्रशासनिक कार्यों का संचालन अधिक व्यवस्थित और प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा।

भूमि पूजन के साथ ही इस महत्वाकांक्षी परियोजना की औपचारिक शुरुआत हो गई है। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि इससे जिले में विकास और प्रशासनिक सुविधाओं का विस्तार होगा।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...