देश में कोरोना वायरस के मामलों में लगातर तेजी से बढ़ रहे है, लेकिन साथ ही इससे ठीक होने वाले मरीजों की संख्या भी उसी रफ्तार से बढ़ रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि भारत में कोविड-19 रिकवरी मई में 50,000 थी, जो सितंबर में बढ़कर 36 लाख से अधिक हो गई है।
मंत्रालय ने कहा कि हर दिन 70,000 से अधिक मरीज इस बीमारी से ठीक हो रहे हैं। वहीं भारत में रिकवरी रेट सक्रिय मामलों की तुलना में 3.8 गुना है। अब देश में कोरोना वायरस का रिकवरी रेट बढ़कर 77.88 प्रतिशत हो गया है।
मंत्रालय के मुताबिक देश में अब तक कोरोना संक्रमण से ठीक हुए मरीजों में से 58 फीसदी पांच राज्यों से हैं। इनमें महाराष्ट्र, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और उत्तर प्रदेश शामिल हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार महाराष्ट्र रोजाना 13,000 से अधिक मरीजों के स्वस्थ होने के साथ सबसे आगे बना हुआ है जबकि आंध्र प्रदेश में प्रतिदिन 10,000 से अधिक मरीज ठीक हो रहे हैं।
मंत्रालय की ओर जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार देश में पिछले 24 घंटे में 78,399 मरीज स्वस्थ हुए हैं। पिछले 24 घंटे में देश में कोविड-19 के 94,372 नए मरीज सामने आए हैं।