उत्तर प्रदेश सरकार के लोक निर्माण राज्यमंत्री चन्द्रिका प्रसाद उपाध्याय ने शुक्रवार को चित्रकूट जिले की सदर कोतवाली में डीएम शेषमणि पांडेय, एसपी अंकित मित्तल और नोडल अधिकारी वंदना त्रिपाठी की मौजूदगी में शासन की महत्वाकांक्षी मिशन शक्ति योजना के तहत महिला हेल्प डेस्क का उद्घाटन किया। इस मौके पर राज्यमंत्री श्री उपाध्याय ने कहा कि महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलम्बन के उद्देश्य से योगी सरकार द्वारा मिशन शक्ति योजना की शुरुवात की गई है। सीएम योगी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए प्रदेश के 1,535 थानों में महिला हेल्प डेस्क का उद्घाटन किया गया है।
अब महिलाओं के साथ अपराध करने वालो की खैर नहीं होगी
शुक्रवार को कर्वी कोतवाली में महिला हेल्प डेस्क का शुभारंभ करते हुए राज्यमंत्री चन्द्रिका प्रसाद उपाध्याय ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओ को सुरक्षा, सम्मान दिलाने के साथ-साथ स्वावलम्बी बनाने के लिए संकल्पित है। कहा कि भारतीय समाज की विसंगतियां जो रही हैं, उन्हें जन जागरूकता के कार्यक्रम आयोजित करके दूर किया जाएगा।
साथ ही कहा कि नवरात्रि का समय है नौ दिन जो देवी कि हम लोग अनेक रूपों में पूजा करते हैं। यह कार्यक्रम शारदीय नवरात्रि से लेकर चैत्र नवरात्रि तक मिशन शक्ति अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत एक सप्ताह के अंदर प्रदेश में 14 लोगों को सजा दी गई है। जागरूकता आई है। महिला हेल्प डेस्क का आप लोग लाभ उठाएं।
उन्होने कहा कि महिलाओं की समस्याओं को दूर करने के लिए जो हेल्पलाइन 1090, 181, 112 लागू की गई है। उसका गांव-गांव तथा नगर में मोहल्ले वार वाल राइटिंग से प्रचार-प्रसार कराया जाए तथा पंपलेट आदि के माध्यम से भी जागरूक किया जाए।
उन्होंने आगे कहा कि अराजक तत्वों पर विशेष नजर रखी जाए तथा उन पर कार्यवाही की जाए। संस्कार लड़कों तथा लड़कियों दोनों को देना होगा। तभी समाज की कुरीतियां दूर होंगी। स्वयं सहायता समूह का गठन करके महिलाओं के आर्थिक विकास को मजबूत करें, ताकि समाज में महिलाओं का उत्थान हो सके।
कहा कि सभी विभाग मिलकर महिलाओं को सशक्त बनाएं तथा शासन द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उन्हें शत प्रतिशत लाभ दिलाया जाए। योगी सरकार ने महिला अपराधों पर अंकुश लगाने एवं जागरूकता के लिए मिशन शक्ति अभियान की शुरुआत की गई है। प्रदेश के सभी जिलों में जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन कर प्रदेश सरकार द्वारा महिला -किशोरियों की सुरक्षा के लिए संचालित की जा रही योजनाओ के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल ने बताया कि जिले के सभी थानो में महिला हेल्प डेस्क स्थापित कर दी गई है। हर जगह दो-दो महिला पुलिस कर्मियों को तैनाती की गई है। महिला अफसरों को शिकायतों के निस्तारण के लिए मॉनिटरिंग में लगाया गया है। एनजीओ व अन्य संगठनों का भी महिला में जागरूकता व उन्हें स्वावलंबी बनाने के लिए सहयोग लिया जा रहा है।
इसके अलावा मिशन शक्ति की नोडल अधिकारी वंदना त्रिपाठी ने कहा कि यह सप्ताह जन जागरूकता का है। सरकारी तंत्र जागरूकता के अभियान चला रहा है। इसमें समाज के लोगों को भी जागरूक होना चाहिए। महिलाओं के साथ साथ पुरुषों का जागरूक होना बहुत आवश्यक है। तभी समाज की कुरीतियों को दूर किया जा सकता है।
यह कार्यक्रम जन सहभागिता से आयोजित कराया जाए। उन्होंने महिलाओं से कहा कि आप लोग जागरूक होकर अपने उत्थान के प्रति कार्य करें कोई समस्या हो तो शासन द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबरों पर सहयोग लेकर समस्या का निदान कराएं। कार्यक्रम के दौरान राज्यमंत्री, जिलाधिकारी, जनपद नोडल अधिकारी, पुलिस अधीक्षक ने महिलाओं के प्रति सराहनीय कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित भी किया।