महाराष्ट्र सरकार ने बिगेन अगेन के तहत 15 अक्टूबर से मेट्रो रेल सेवाएं शुरू करने की मंजूरी दे दी है। हालांकि राज्य में धार्मिक स्थल अभी बंद ही रखने का फैसला किया गया है।
महाराष्ट्र सरकार ने बुधवार को नए दिशानिर्देश जारी किए जिसमें कहा गया है कि धार्मिक स्थल, स्कूल, कॉलेज व अन्य शैक्षणिक संस्थान में नियमित कक्षाएं फिलहाल 31 अक्टूबर तक बंद रहेंगी, हालांकि 15 अक्टूबर से लाइब्रेरियों को खोल दिया गया है।
महाराष्ट्र में धार्मिक स्थलों को खोलने की विपक्ष लगातार मांग कर रहा है। इस संबंध में महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को पत्र भी लिखा था जिसकी भाषा को लेकर काफी विवाद भी खड़ा हो गया था।
वहीं भाजपा की आध्यात्मिक शाखा के सदस्यों ने महाराष्ट्र में धार्मिक स्थलों को खोले जाने की अपनी मांग के समर्थन में साईबाबा मंदिर के बाहर प्रदर्शन किया। इस शाखा के सदस्यों में महंत और संत शामिल हैं। उन्होंने अहमदनगर जिले में स्थित इस प्रसिद्ध मंदिर में प्रवेश पर जोर दिया लेकिन उन्हें ऐसा करने की अनुमति नहीं दी गई।
दिशानिर्देशों के मुताबिक 15 अक्टूबर से मेट्रो सेवाओं को ग्रेडड तरीके से शुरू किया जाएगा। शादियों और व्यक्तिगत कार्यक्रमों में 50 से ज्यादा लोगों को शामिल होने की इजाजत नहीं होगी जबकि अंतिम संस्कार में सिर्फ 20 लोग ही शामिल हो सकेंगे।