अगर आप भी दिल्ली-एनसीआर में रहते हैं और दफ्तर जाने के लिए मेट्रो के शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं तो समझ लिजिए कि आप का इंतजार बस चंद दिनों का मेहमान है। आपके लिए अच्छी खबर ये है कि अनलॉक के चौथे चरण में दिल्ली-एनसीआर की मेट्रो सेवाएं फिर से बहाल हो सकती हैं।
दरअसल, कोरोना काल में 22 मार्च से बंद पड़े मेट्रों को फिर से शुरू करने की कवायद तेज होती दिख रही है। हलांकि फिलहाल मेट्रो के शुरू होने की निर्धारित तिथि की घोषाणा नहीं हुई है, लेकिन सूत्रों की माने तो केंद्र सरकार सीएम अरविंद केजरीवाल की मांग पर गहन विचार कर रही है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार से दिल्ली मेट्रो को ट्रायल बेसिस पर शुरू करने की मांग की थी।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के कुछ लोगों की तरफ से सार्वजनिक यातायात के संबंध में दिए गए सुझावों से सहमति जताते हुए कहा कि हमने केंद्र सरकार से अनुरोध किया है कि दिल्ली को बाकी राज्यों से थोड़ा अलग समझते हुए मेट्रो सेवा की शुरुआत की जा सकती है। सीएम ने कहा कि अब दिल्ली में कोरोना की स्थिति संभल रही है, अगर आप बाकी राज्य में मेट्रो सेवा नहीं खोलना चाहते हैं तो मत खोलिए, लेकिन दिल्ली में चरणबद्ध तरीके से मेट्रो को चलने की अनुमति दी जा सकती है। इसके साथ ही केजरीवाल ने केंद्र सरकार से जल्द और सार्थक निर्णय की उम्मीद जताई है।
आपको बता दें कि मेट्रो सेवा निलंबित होने से अभी तक डीएमआरसी को करीब 1300 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। हालांकि नुकसान की परवाह न करते हुए दिल्ली मेट्रो रेल निगम सरकारी निर्देशों का बखूबी पालन कर रही है। लेकिन मेट्रो का परिचालन दोबारा शुरू करने के लिए डीएमआरसी पूरी तरह तैयार है। ऐसे में अब आपको बस 1 सितंबर का इंतजार करना है। जानकारी के लिए बता दें कि देश में 1 सितंबर से लॉकडाउन में छूट के चौथे चरण यानी अनलॉक 4.0 की शुरुआत होने जा रही है। लिहाजा उम्मीद है कि चौथे चरण में छूट का दायरा बढ़ेगा और इसमें मेट्रो सेवाओं को भी बहाल किया जा सकता है।