1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. मेरठ: नवजात की मौत की परतापुर थाने में हंगामा

मेरठ: नवजात की मौत की परतापुर थाने में हंगामा

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
मेरठ: नवजात की मौत की परतापुर थाने में हंगामा

मेरठ: परतापुर थाना क्षेत्र के ब्रज विहार की रहने वाली युवती की शादी 1 वर्ष पहले घोपला गांव के रहने वाले गौरव नाम के युवक से हुई थी। तब से ही गौरव व उसका परिवार विवाहिता का उत्पीड़न करने लगा और दहेज की मांग करने लगा। जब इस बात का विवाहिता ने विरोध किया। तो गौरव शर्मा के रिश्तेदार अशोक शर्मा निवासी रिठानी ने फैसले के नाम पर विवाहिता पर बुरी नजर डाली।

इस बात की जानकारी जब गौरव को उसकी पत्नी ने दी, तो गौरव और उसके परिवार ने गर्भवती महिला को पीट-पीटकर घर से निकाल दिया। तब से ही पीड़िता अपने पिता के घर ब्रिज बिहार में रह रही थी। 12 दिसंबर को गर्भवती महिला ने सरकारी अस्पताल में एक पुत्र को जन्म दिया। महिला की कमजोर हालत के चलते नवजात शिशु भी कमजोर पैदा हुआ। जिस कारण उसे 2 दिन तक महिला के पिता ने एक निजी अस्पताल में भर्ती कराए रखा।

इसी दौरान 14 दिसंबर को फैसले के नाम पर गौरव शर्मा और अशोक शर्मा ने लड़की के भाई को रिठानी अपनी दुकान पर बुलाया। ग्राम समाज के लोगों के साथ लड़की का भाई अनुज अशोक शर्मा की दुकान पर पहुंचा तो उन्होंने लड़की को लाने से इंकार कर दिया और कहा कि बच्चे को भी जहां फेंकना है वहां फेंक दो। इस बात को लेकर लड़की के परिजन आक्रोशित हो गए और गौरव शर्मा और अशोक शर्मा पर हाथ उठा दिया।

जिसकी वीडियो फुटेज लेकर अशोक शर्मा व्यापार संघ के साथ परतापुर थाने पहुंचा और पीड़िता के भाई अनुज और पार्षद विशाल शर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया। व्यापार संघ के दबाव में पुलिस ने पीड़ित परिवार के खिलाफ ही मुकदमा दर्ज कर लिया। जबकि 4 दिन से थाने के चक्कर काट रहे लड़की के परिजनों की तहरीर पर कोई कार्रवाई नहीं की।

इसी दौरान 15 दिसंबर को विवाहिता के नवजात शिशु ने दम तोड़ दिया। जिसे लेकर दर्जनों लोग परतापुर थाने पहुंचे और पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। कई बार पीड़िता के परिजनों ने हाईवे पर जाम लगाने का प्रयास भी किया पर पुलिस ने उन्हें हाईवे तक नहीं जाने दिया। पीड़िता के परिजनों ने बताया कि व्यापार संघ रिठानी के दबाव में और आरोपी गौरव शर्मा से मोटी रकम लेकर पुलिस ने पीड़ित परिवार पर ही मुकदमा दर्ज कर दिया है और पीड़िता व उसके परिवार की तहरीर पर कोई कार्रवाई नहीं की।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...