{ राशिद की रिपोर्ट }
जिले में लगातार बढ़ रहे कोरोना संक्रमण ने सत्ताधारी भाजपा नेताओं को भी चपेट में ले लिया है। कुछ दिन पहले हुई भाजपा महानगर अध्यक्ष के पीएसओ के पिता की मौत के बाद शुक्रवार को महानगर अध्यक्ष के पीएसओ की भी मौत हो गई।
जिसके बाद जहां जिले में कोरोना से होने वाली मौत का आंकड़ा 10 पर पहुंच गया है। वहीं, भाजपा नेताओं में हड़कंप मचा हुआ है।
मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉक्टर आरसी गुप्ता ने बताया कि कोरोना संक्रमित विभांशु वशिष्ठ को कुछ दिन पहले परिजनों द्वारा दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती किया गया था।
शुक्रवार की सुबह विभांशु की मौत हो गई। जिसके बाद जिले में कोरोना से होने वाली मौत की संख्या अब 10 हो गई है। बताते चलें कि साबुन गोदाम निवासी विभांशु भाजपा के महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंघल के पीएसओ थे।
संक्रमण के चलते कुछ दिन पहले विभांशु के पिता की भी मौत हो गई थी। उधर, विभांशु के संपर्क में आए भाजपा के महानगर अध्यक्ष सहित कई भाजपा नेता और कार्यकर्ता दो दिन पहले ही क्वॉरेंटाइन की अवधि पूरी कर घर वापस लौटे हैं। उधर, विभांशु की मौत के बाद भाजपाइयों में हड़कंप मचा है।