मेरठ में आज अचानक गद्दो के गोदाम में आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की चपेट में आकर गोदाम में 2 साल की मासूम की झुलस कर मौत हो गई। जिसके बाद आक्रोशित लोगों ने हंगामा भी किया।
बता दें कि ये घटना मेरठ के थाना खरखौदा क्षेत्र के यमुनानगर की है। जहां आज अचानक आग की लपटें अवैध रूप से बनी इस फैक्ट्री से बाहर निकलने लगी। जैसे ही लोगों ने लपटें निकलती देखे तो हड़कंप मच गया।
आनन-फानन में दमकल कर्मियों को सूचना दी गई। लेकिन लोगों में आक्रोश इस बात का रहा कि करीब 1 घंटे तक दमकल विभाग की कोई गाड़ी मौके पर नहीं पहुंची।
थाना खरखौदा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। मजदूर परिवार के लोगों को फैक्ट्री से बाहर निकाल लिया गया। हालांकि उन्हीं की एक मासूम बच्ची मिस्बाह आग के बीच फंस गई और वही झुलस कर उसने दम तोड़ दिया।
आग लगने से हड़कंप मच गया, जिसके बाद इलाके के लोगों की भीड़ लग गई। हालांकि फैक्ट्री संचालक नफीस मौके से फरार हो गया।
आपको बता दें कि रिहायशी इलाके में गलत तरीके से फैक्ट्री चलाई जा रही थी। जिसमें मजदूरों का एक परिवार काम कर रहा था। आग लगने से लाखों का माल भी जलकर राख हो गया। फिलहाल पुलिस आग लगने के कारणों की जांच करने में जुटी है।