मेरठ : टीपी नगर पुलिस ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बड़े पैमाने पर खपाई जा रही नकली करेंसी का खुलासा किया है। पुलिस ने एक लाख 97 हजार की जाली करेंसी के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है।
सीओ ब्रह्मपुरी अमित कुमार राय ने बताया कि पुलिस ने एक सूचना पर कारवाई करते हुए वेदव्यासपुरी से मूल रूप से बुलंदशहर निवासी सुनील कुमार को गिरफ्तार किया।
आरोपी के कब्जे से एक लाख 97 हजार की नकली करेंसी बरामद की गई। बरामद हुए नकली नोट सौ, दो सौ और पांच सौ की शक्ल में थे। इसी के साथ आरोपी के पास से पांच-पांच सौ रुपए की 50 हजार की असली करेंसी भी बरामद की गई।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह पिछले चार महीने से अपने साथी श्रीकांत उर्फ कालीचरण के साथ मिलकर नकली करेंसी छाप रहा था। पुलिस के मुताबिक आरोपी अब तक भारी मात्रा में नकली करेंसी मार्केट में खपा चुके हैं।
सीओ ब्रह्मपुरी ने बताया इन दिनों आरोपी और उसका साथी नोएडा में एक मकान में किराए पर रह रहे थे। आरोपी की निशानदेही पर नोएडा स्थित उसके मकान पर छापा मारा गया।
जहां से पुलिस को नोट छापने का प्रिंटर और भारी मात्रा में अधछपी नकली करेंसी और करेंसी में प्रयोग किए जाने वाले कागज बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक आरोपी के फरार साथी की तलाश की जा रही है।