कोतवाली थाना क्षेत्र में मंगलवार की दोपहर मामूली विवाद के चलते एक दबंग ने अपने रिश्तेदारों को साथ लेकर पड़ोसी के घर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
घटना के चलते क्षेत्र में हड़कंप मच गया। उधर, हमले के बाद भागते हमलावर क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में कैद हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
दरअसल, खत्ता रोड स्थित मौहल्ला जाहिदयान में अशरफ उर्फ कल्लू का परिवार रहता है। अशरफ के मुताबिक मंगलवार की सुबह वह एक ठेले वाले से आम खरीद रहा था।
आम कम तोलने को लेकर अशरफ की ठेले वाले और उसका पक्ष ले रहे अपने पड़ोसी सलीम पठान से मामूली कहासुनी हो गई।
आरोप है कि इसके कुछ देर बाद सलीम ने अपने रिश्तेदार आरिफ, गोलू और अन्य कुछ युवकों को लेकर अशरफ के घर पर हमला बोल दिया।
आरोपियों ने अशरफ के घर के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग की। जिसके बाद दहशत में आए अशरफ के परिवार ने किसी तरह घर में छिपकर अपनी जान बचाई।