1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. मेरठ: डैमेज कंट्रोल के लिए लखनऊ से मेरठ पहुंचे प्रमुख सचिव ने ली अधिकारियों की बैठक

मेरठ: डैमेज कंट्रोल के लिए लखनऊ से मेरठ पहुंचे प्रमुख सचिव ने ली अधिकारियों की बैठक

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
मेरठ: डैमेज कंट्रोल के लिए लखनऊ से मेरठ पहुंचे प्रमुख सचिव ने ली अधिकारियों की बैठक

{ राशिद की रिपोर्ट }

जिले में लगातार मिल रहे कोरोना के मरीज और बढ़ रहे मौत के आंकड़े जहां प्रशासन के लिए मुसीबत का सबब बने हैं। वहीं, पिछले दिनों कोविड वार्ड में भर्ती मरीजों द्वारा वहां की बदहाली के वीडियो वायरल किए जाने के बाद इसकी गूंज लखनऊ तक पहुंची है।

सोमवार को विशेष विमान द्वारा प्रमुख सचिव टी वेंकटेश और पीटीएस की आईजी लक्ष्मी सिंह मेरठ पहुंचे। जिले के नोडल अधिकारी बनाए गए इन दोनों अफसरों ने कलेक्ट्रेट के बचत भवन में प्रशासनिक और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की बैठक ली।

बैठक में कमिश्नर अनिता सी मेश्राम, डीएम अनिल धींगरा और सीएमओ डॉ राजकुमार सहित तमाम अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में लखनऊ से आए नोडल अफसरों ने जिले में अब तक कोरोना को लेकर बरती गई खामियों पर अधिकारियों से चर्चा की।

इसी के साथ हालातों पर मंथन करते हुए सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की। डीएम अनिल धींगरा ने बताया कि जिले में अब तक कोरोना के कुल 245 केस मिले हैं। जिनमें से 66 डिस्चार्ज हो चुके हैं। इसी के साथ जिले में अब तक 52 स्थान हॉट स्पॉट के रूप में चिन्हित किए गए हैं।

जिनमें से 13 ग्रीन और चार ऑरेंज जोन में आ चुके हैं। उन्होंने बताया कि अव्यवस्थाओं की शिकायतों को देखते हुए जिले के चारों कोविड वार्डों में चार-चार सीसीटीवी कैमरे लगवा दिए गए हैं। जिनकी मॉनिटरिंग डायरेक्ट सीएमओ कार्यालय से की जाएगी।

मरीजों को दिए जाने वाले खाने की गुणवत्ता से लेकर दवाइयों के प्रबंध तक पर पूरी नजर रखी जाएगी। इसी के साथ वार्ड में भर्ती मरीजों में से 10 मरीजों से रोज डीएम खुद फोन पर बात करेंगे। बैठक के बाद सभी अधिकारियों ने व्यवस्थाओं में जल्द ही सुधार का दावा किया।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...