लखनऊ: 24 जून को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर के नेताओं के साथ सर्वदलीय बुलाई है, बसपा सुप्रीमों मायावती ने पीएम मोदी द्वारा लिए गए इस फैसले का स्वागत किया है, उन्होनें कहा, उम्मीद है कि बैठक कुछ ठोस फैसलों के साथ सार्थक सिद्ध होगी, उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बसपा सुप्रीमों मायावती ने ट्वीट कर कहा, सीधे पीएम श्री नरेन्द्र मोदी के स्तर पर जम्मू-कश्मीर के सम्बंध में वहाँ के 14 लीडरों की कल 24 जून की बैठक उचित पहल। करीब दो वर्ष के अन्तराल के बाद की यह बैठक कुछ ठोस फैसलों के साथ सार्थक सिद्ध होगी व जम्मू-कश्मीर राज्य की पुनः बहाली आदि के लिए भी मददगार साबित होगी, ऐसी आशा।
मायावती ने दूसरे ट्वीट में लिखा, जम्मू-कश्मीर विधानसभा सीटों के लिए जारी नए परिसीमन के काम की यथाशीघ्र समाप्ति व वहाँ आमचुनाव आदि ऐसे मुद्दे हैं जिनपर देश की निगाहें लगी हुई हैं। केन्द्र को अपने वादे व दावे के मुताबिक जम्मू-कश्मीर में स्थिति को जल्द बहाल करने का प्रयास तेज करना चाहिए, बीएसपी की सलाह।
पीएम मोदी के साथ बैठक में शामिल होने से पहले गुपकार गैंग ने मंगलवार को फारूक अब्दुल्ला के आवास पर एक बैठक की, इस बैठक के बाद पीडीपी मुखिया ने पाकिस्तान प्रेम दिखाते हुए कहा, बातचीत से ही कश्मीर मुद्दे का हल निकलेगा। महबूबा ने पाकिस्तान से बातचीत की मांग की है, महबूबा मुफ्ती ने कहा, अगर मोदी सरकार कश्मीर में शांति कायम रखना चाहती है तो उसे पाकिस्तान से भी बात करनी चाहिए।
गुपकार गैंग की बैठक के बाद फारूक अब्दुल्ला ने प्रधानमंत्री के साथ होने वाली बैठक को लेकर कहा, बैठक में महबूबा जी , मैं, तारीगामी साहब और हममें से जिनको भी बुलाया गया है, हम लोग जा रहे हैं। हम सब बात करेंगे। हमारा मकसद सभी को मालूम है। वहां पर आप हर बात पर बोल सकते हैं। उनकी तरफ से कोई एजेंडा तय नहीं हुआ है।