मथुरा: छह छात्र शनिवार की सुबह यमुना नदी में स्नान करते समय बह गए। बतादें कि, इनमें से 5 छात्रों को ग्रामीणों ने बचा लिया लेकिन एक छात्र का 6 घंटे बाद भी पता नहीं चल सका। गोताखोरों की टीम लापता छात्र को खोजने में जुटी है।
बतादें कि, लॉकडाउन के चलते पीएमवी पॉलीटेक्निक के छात्र विष्णु पुत्र अतर सिंह को साथियों के साथ यमुना में स्नान करना भारी पड़ गया। थाना नौहझील क्षेत्र के गांव मुकदुमपुर निवासी अतर सिंह का 17 वर्षीय पुत्र विष्णु गांव के ही निवासी साथी कान्हा पुत्र ओमवीर सिंह, आकाश पुत्र सुशील, विवेक पुत्र राजेंद्र, कृष्णा पुत्र जगदीश व विष्णु पुत्र खेमचंद के साथ सुबह करीब 10 बजे शेरगढ़ कस्बे के निकट यमुना में स्नान करने गया। इसी दौरान गहरे पानी में सभी छात्र फंस गए।
आकाश ने शोर मचाकर ग्रामीणों को बुलाया। ग्रामीणों की मदद से पांच छात्र यमुना से बाहर आ गए लेकिन विष्णु गहरे पानी में बह गया। अन्य छात्रों ने परिजनों को तथा पुलिस को सूचना दी। कुछ देर बाद परिजन तथा पुलिसकर्मी गोताखोरों के साथ पहुंच गए। देर शाम तक विष्णु का पता नहीं चल सका।