देवास जिले के टोंक कला गांव में स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। धमाका इतना तेज था कि मौके पर काम कर रहे मजदूर गंभीर रूप से प्रभावित हुए। अब तक 3 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 28 मजदूर घायल बताए जा रहे हैं।
प्रशासन द्वारा तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया और घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। 12 घायलों का इलाज जिला अस्पताल देवास में, 8 का अमलतास अस्पताल में, 3 का एमवाय अस्पताल इंदौर में और 1 का चोइथराम अस्पताल में चल रहा है। इनमें से 5 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए फैक्ट्री मालिक अनिल मालवीय को भोपाल के बैरागढ़ से गिरफ्तार कर लिया है। प्रशासन ने फैक्ट्री को सील कर दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
स्थानीय लोगों में घटना को लेकर भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि फैक्ट्री को लेकर पहले भी शिकायत की गई थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। कुछ लोगों का यह भी दावा है कि मृतकों की संख्या अधिक हो सकती है।
घटना के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है। मौके पर पहुंचे पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए और फैक्ट्री मालिक पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।