पन्ना जिले में अवैध खनन और खनिज भंडारण के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। सतना-पन्ना रेलखंड के निर्माण कार्य से जुड़े बहेरा गांव स्थित भंडारण स्थल पर विभाग की टीम ने छापेमारी कर क्रेशर मशीन, दो पोकलेन मशीन और 10 डंपर जब्त किए हैं। खनिज विभाग की कार्रवाई में स्वीकृत क्षमता से करीब तीन गुना अधिक खनिज भंडारण पाए जाने का मामला सामने आया है। विभाग ने मौके से बड़ी मात्रा में गिट्टी, प्राकृतिक बोल्डर और एम-सैंड यानी क्रेशर डस्ट जब्त किए जाने की जानकारी दी है।
10 लाख की अनुमति, करीब 30 लाख घनमीटर भंडारण
बताया जा रहा है कि बहेरा गांव में रेलवे कार्य के दौरान नहर खुदाई से निकले पत्थरों के भंडारण के लिए ठेकेदार को करीब 10 लाख घनमीटर की अनुमति दी गई थी। लेकिन निरीक्षण के दौरान मौके पर करीब 30 लाख घनमीटर खनिज भंडारण पाया गया।
विभाग के मुताबिक, ठेकेदार की ओर से पूरी रॉयल्टी जमा नहीं की गई थी और भंडारण की निर्धारित समय सीमा भी समाप्त हो चुकी थी।
अवैध क्रेशर संचालन का भी आरोप
खनिज विभाग के उपसंचालक रवि पटेल के नेतृत्व में विभागीय टीम ने मौके का निरीक्षण किया। जांच के दौरान वहां कथित रूप से अवैध क्रेशर संचालित पाया गया, जहां पत्थरों से गिट्टी और एम-सैंड तैयार किए जा रहे थे।कार्रवाई के दौरान करीब 12 लाख घनमीटर गिट्टी, 9 लाख घनमीटर प्राकृतिक बोल्डर और 4 लाख घनमीटर एम-सैंड जब्त किए जाने की जानकारी सामने आई है।
क्रेशर, पोकलेन और डंपर जब्त
कार्रवाई के दौरान खनिज विभाग ने मौके से एक क्रेशर, दो पोकलेन मशीन और 10 डंपर जब्त किए हैं। विभाग की कार्रवाई के बाद संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी किया गया है।खनिज विभाग की टीम के पहुंचने के दौरान मौके पर चौकीदार के अलावा कोई जिम्मेदार व्यक्ति मौजूद नहीं मिला।
NGT नियमों के उल्लंघन का आरोप
मामले में एनजीटी के नियमों की अनदेखी कर क्रेशर संचालन किए जाने के आरोप भी लगाए गए हैं। हालांकि, इन आरोपों और जब्त खनिज की मात्रा की अंतिम पुष्टि विभागीय जांच एवं आधिकारिक कार्रवाई के बाद ही स्पष्ट होगी।वहीं, मौके की कवरेज करने पहुंची ZEE MPCG की टीम को कथित तौर पर खनन माफिया से जुड़े लोगों ने अंदर जाने से रोकने का प्रयास किया।
रेलवे कार्य की आड़ में अवैध खनिज इस्तेमाल का आरोप
सतना-पन्ना रेलखंड का निर्माण कार्य फिलहाल प्रगति पर है और अलग-अलग ठेकेदार निर्माण कार्य में लगे हुए हैं। खनिज विभाग की कार्रवाई के बाद यह सवाल उठ रहा है कि कहीं रेलवे निर्माण की आड़ में खनिज संपदा का नियम विरुद्ध इस्तेमाल तो नहीं किया जा रहा था।फिलहाल विभाग ने कार्रवाई करते हुए मशीनरी और खनिज सामग्री को जब्त कर लिया है। ठेकेदार को नोटिस जारी किया गया है। अब आगे की जांच और विभागीय कार्रवाई से यह स्पष्ट होगा कि खनिज भंडारण, रॉयल्टी और क्रेशर संचालन में कितनी अनियमितता हुई और इसके लिए कौन जिम्मेदार है।