श्योपुर जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ वीरपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि काले रंग की थार गाड़ी में भारी मात्रा में अवैध शराब ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी महाराज सिंह बघेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी शुरू की।
पुलिस को देखते ही थार चालक ने तेज रफ्तार में वाहन दौड़ाना शुरू कर दिया और रास्ते में लगाए गए पुलिस स्टॉपर को टक्कर मार दी। इस दौरान बाजार क्षेत्र में भी कई वाहनों को नुकसान पहुंचा। आरोपी ने भागने के लिए वाहन को चंबल नदी की ओर मोड़ दिया।
पुलिस से बचने के लिए चालक ने चंबल नदी में कूदकर भागने का प्रयास किया, लेकिन थाना प्रभारी महाराज सिंह बघेल और पुलिस टीम ने उसका पीछा नहीं छोड़ा। सतर्कता दिखाते हुए पुलिस ने आरोपी को नदी से ही पकड़ लिया और हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने मौके से अवैध शराब से भरी काले रंग की थार गाड़ी जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2.32 लाख रुपये बताई जा रही है। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर अवैध शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।