मैनपुरी: शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला गुरबख्श में गुरुवार को एक कोरोना पॉजिटिव मरीज सामने आया है। गांव निवासी एक 25 वर्षीय युवक दिल्ली में रहकर सब्जी बेचने का काम करता था। बीती दो मई को यह किसी ट्रक में बैठकर दिल्ली से मैनपुरी आ गया था।
युवक के लौटने की जानकारी मिलने के बाद उसका सैंपल जांच के लिए भेजा गया था। गुरुवार को उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया। युवक को भोगांव में बने कोविड एल 1 वार्ड में भर्ती करा दिया गया है। उसके स्वजनों को भी क्वारंटाइन किया गया है और सैंपल जांच के लिए भेजे जा रहे हैं।
साथ ही, गांव को पूरी तरह सील कर दिया गया है और युवक के संपर्क में आने वालों की जानकारी जुटाई जा रही है। इससे पहले मंगलवार देर रात को आवास विकास निवासी एक गर्भवती महिला भी कोरोना पॉजिटिव निकली थी। वर्तमान में जिले में मिलने वाले कोरोना के दो एक्टिव केस हैं। अब तक जिले में 11 केस सामने आए हैं। इनमें से आठ इलाज के बाद ठीक हो चुके है और एक की मौत हो चुकी है।