मैनपुरी: शुक्रवार दोपहर को युवती की मौत के बाद उसके कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई थी। इसके बाद देर शाम बेवर थाना क्षेत्र के नवीगंज कस्बे के दो लोगों की रिपोर्ट और पॉजिटिव आ गई। दोनों व्यक्ति पिछले दिनों अहमदाबाद से लौटे थे और उनको भोगांव जेएनवी में क्वारंटाइन किया गया था। हालांकि मामले में डीएम अभी पुष्टि नहीं कर रहे हैं।
उनका कहना है कि अभी उनके पास रिपोर्ट नहीं आई है। संक्रमण के तीन मामले आने के बाद अब जिले में एक्टिव केस 15 हो गए हैं, जबकि सुबह हुई मौत के बाद मरने वालों की संख्या तीन हो गई है। वहीं 10 मई को जिले एक व्यक्ति में कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई थी। गांव रकरा में चार दिन पहले हरियाणा के गुरुग्राम से आया 23 वर्षीय युवक आठ मई को जेएनवी में जांच कराने गया था। जांच के बाद उसे होम क्वारंटाइन कर दिया गया। रविवार रात युवक कोरोना जांच रिपोर्ट में पाॅजिटिव निकला। रात में ही डॉक्टरों की टीम ने कोरोना पॉजिटिव युवक को आइसोलेट करा दिया। युवक के छह स्वजन जेएनवी में क्वारंटाइन किए गए। अधिकारियों ने रकरा और रकरी गांव को सील करा दिया। पूरे गांव काे सैनिटाइज कराकर थर्मल स्क्रीनिंग कराई जा रही है। गांव से गुजर रहे आलीपुर खेड़ा-बेवर मार्ग को पूरी तरह सील कर वाहनों का आवागमन रोक दिया गया। गांव की गलियों में भी पुलिस का पहरा लगा दिया गया।