1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. राज्यसभा सांसद बनने के बाद पहली बार ओरछा पहुंचे महेश केवट, बुंदेलखंड के विकास को लेकर किया बड़ा दावा

राज्यसभा सांसद बनने के बाद पहली बार ओरछा पहुंचे महेश केवट, बुंदेलखंड के विकास को लेकर किया बड़ा दावा

राज्यसभा सांसद महेश केवट ने पहली बार ओरछा पहुंचकर रामराजा सरकार के दर्शन किए। उन्होंने केन-बेतवा लिंक परियोजना और बुंदेलखंड के विकास को लेकर बड़ा बयान दिया।

By: BS Yadav 
Updated:
राज्यसभा सांसद बनने के बाद पहली बार ओरछा पहुंचे महेश केवट, बुंदेलखंड के विकास को लेकर किया बड़ा दावा

ओरछा। राज्यसभा सांसद बनने के बाद पहली बार धार्मिक नगरी ओरछा पहुंचे भाजपा नेता महेश केवट का भव्य स्वागत किया गया। रामराजा सरकार के दरबार में दर्शन और पूजा-अर्चना करने के बाद उन्होंने बुंदेलखंड के विकास को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में बुंदेलखंड की तस्वीर और तकदीर दोनों बदलने वाली हैं तथा केंद्र और प्रदेश सरकार क्षेत्र के समग्र विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

ओरछा में महेश केवट के आगमन पर उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने फूल-मालाओं, ढोल-नगाड़ों और जयघोष के साथ उनका जोरदार स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने रामराजा मंदिर पहुंचकर दर्शन किए और प्रदेश तथा बुंदेलखंड की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की।

भाजपा ने सामान्य कार्यकर्ता को दिया बड़ा सम्मान

मीडिया से बातचीत करते हुए महेश केवट ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक ऐसी पार्टी है जो सामान्य कार्यकर्ता को भी सर्वोच्च अवसर प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि एक साधारण कार्यकर्ता को राज्यसभा तक पहुंचाने का श्रेय भाजपा संगठन को जाता है।उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्यसभा सदस्य के रूप में मिली जिम्मेदारी को वह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाएंगे।”यह मेरे लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। मैं जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करूंगा और बुंदेलखंड की आवाज को मजबूती से उठाऊंगा।”

केन-बेतवा लिंक परियोजना से बदलेगी बुंदेलखंड की तस्वीर

महेश केवट ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार बुंदेलखंड के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने विशेष रूप से केन-बेतवा लिंक परियोजना का उल्लेख करते हुए कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के किसानों के लिए मील का पत्थर साबित होगी।उन्होंने कहा कि परियोजना के पूरा होने से सिंचाई सुविधाओं का विस्तार होगा, कृषि उत्पादन बढ़ेगा और किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। लंबे समय से पानी की समस्या झेल रहे बुंदेलखंड को इस परियोजना से बड़ा लाभ मिलने वाला है।

सड़क, पानी, रोजगार और सिंचाई पर रहेगा फोकस

राज्यसभा सांसद ने कहा कि आने वाले वर्षों में बुंदेलखंड विकास के नए आयाम स्थापित करेगा। क्षेत्र में सड़क, पेयजल, सिंचाई और रोजगार के क्षेत्र में तेजी से काम किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि बुंदेलखंड भविष्य में प्रदेश के विकास मॉडल के रूप में पहचान बनाएगा।उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और विकास कार्यों को गति देने में किसी प्रकार की कमी नहीं छोड़ी जाएगी।

बुंदेलखंड की आवाज को संसद में उठाने का भरोसा

रामराजा सरकार का आशीर्वाद लेकर लौटे राज्यसभा सांसद महेश केवट ने संगठन और जनता के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने बुंदेलखंड के उज्ज्वल भविष्य का भरोसा दिलाते हुए कहा कि क्षेत्र की समस्याओं और अपेक्षाओं को राज्यसभा में मजबूती के साथ उठाया जाएगा।

रिपोर्ट : देवेश गुप्ता

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...