मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत के साथ-साथ मध्यप्रदेश भी तेजी से औद्योगिक विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। प्रदेश अब उद्योगपतियों के लिए एक भरोसेमंद और आकर्षक निवेश गंतव्य के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने निवेशकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए उद्योग-अनुकूल और भविष्य की संभावनाओं पर आधारित नीतियां तैयार की हैं। इन नीतियों का उद्देश्य प्रदेश में अधिक से अधिक निवेश लाना, उद्योगों को आसान माहौल उपलब्ध कराना और रोजगार के नए अवसर तैयार करना है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि रीजनल इंडस्ट्रियल कॉन्क्लेव के माध्यम से प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों तक निवेश की संभावनाओं को पहुंचाने का प्रयास किया गया है। वहीं ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट को देश और विदेश के उद्योग जगत से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। उन्होंने कहा कि निवेश सम्मेलनों में मिले प्रस्ताव अब जमीन पर उतरने लगे हैं, जिससे प्रदेश में नए उद्योगों की स्थापना और औद्योगिक गतिविधियों को गति मिल रही है।

सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि ग्वालियर में विकसित किया जा रहा टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन नए भारत की औद्योगिक क्षमता का प्रतीक बनेगा। केंद्र और राज्य सरकार मिलकर भारत को वैश्विक टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने की दिशा में काम कर रही हैं। इस परियोजना से आधुनिक तकनीक आधारित उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर भी विकसित होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि निवेश प्रक्रिया को सरल बनाया जाए, उद्योग तेजी से स्थापित हों और प्रदेश के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिलें। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की पारदर्शी नीतियां, बेहतर आधारभूत ढांचा और सुशासन लगातार निवेशकों का भरोसा मजबूत कर रहे हैं। सरकार प्रदेश के विकास में उद्योग जगत की भागीदारी को महत्वपूर्ण मानते हुए लगातार नए अवसर तैयार कर रही है।