नई दिल्ली : अभी तक आपने हीर-रांझा, लैला-मजनूं और सोहनी-महिवाल जैसे कई प्रेम कहानी सुनी होगी, जो कामयाब तो नहीं हो सका, लेकिन आज भी लोग इसकी चर्चा करते है। एक ऐसा ही मामला यूपी के अलीगढ़ में हुआ, जहां दो जोड़ों का प्यार इस कदर परवान चढ़ा की, परिवार ने उनके सामने बंदिशें लगा दी, जिसे तोड़कर इन जोड़ों ने सदा के लिए दुनिया को अलविदा कह दिया।
जानकारी के अनुसार, अनिकेश पुत्र लखन सिंह (25) तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसको गांव की ही दूसरी जाति की गीता पुत्री विजयपाल जाटव (21) से प्रेम हो गया। घर वालों को पता चला तो उन्होंने बंदिशें लगानी शुरू कर दीं लेकिन दोनों का मिलना जारी रहा। दोनों ने शादी का प्रस्ताव घर वालों के सामने रखा, जिस पर घरवाले रजामंद नहीं हुए। क्षुब्ध होकर दोनों ने मिलना तय किया।
दोनों गांव के सरसों के खेत में पहुंच गए। यहीं पर पहले युवती ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया, उसकी हालत बिगड़ती देख युवक घबरा गया। काफी देर तक वह वहां बैठा रहा। शाम करीब चार बजे युवती की मौत हो जाने पर युवक ने खेत के दूसरे छोर पर जाकर विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया तथा घरवालों को फोन पर सूचना दी कि उसने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया है।
इस पर घबराए परिवार वाले ढूंढते हुए उस जगह तक पहुंचे तथा आनन-फानन में उसे शाम सात बजे जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। युवक ने बताया कि उसकी प्रेमिका ने भी विषाक्त पदार्थ का सेवन किया था, उसका शव उसी खेत में पड़ा है। युवक के परिवार वालों के साथ में गए अन्य व्यक्ति ने यह सुनकर रात्रि करीब आठ बजे घटना के संबंध में युवती के परिवार वालों को बताया। इस पर युवती के परिवार वाले तलाश करते हुए उस खेत तक पहुंच गए। रात्रि करीब 11 बजे युवती का शव खेत के मध्य में पड़ा मिला।
युवती का शव देख परिवार वालों की चीख निकल गई। घटना के संबंध में थाना पुलिस को सूचना दी गई। थाना प्रभारी मय पुलिस बल के मौके पर पहुंच गए तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, युवक करीब एक बजे उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम करा कर परिवार वालों के सुपुर्द कर दिया।