लव जिहाद: UP पुलिस पर आरोप- जबरन केस दर्ज करा मुस्लिम युवक को पकड़ा
लव जिहाद के आरोप सिर्फ दुखद नहीं बल्कि डरावने हैं। महिला के परिवार के सदस्य अच्छे लोग हैं और हमारा उनसे कोई विवाद नहीं है। मुझे पता है कि उन्होंने मेरे बेटे के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं कराई है। महिला के पिता ने मुझसे मुलाकात की और कहा कि वह मामले में मेरा समर्थन करेंगे। प्रशंसा और पदोन्नति पाने के लिए पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।
ये बातें बरेली में रहने वाले 70 वर्षीय मोहम्मद रफीक ने कहीं, जिनके बेटे ओवैस अहमद को नए धर्मांतरण कानून के तहत गिरफ्तार किया गया है। अहमद के परिजनों का दावा है कि महिला के रिश्तेदारों ने पुलिस के दबाव में एफआईआर दर्ज करवाई है।
उत्तर प्रदेश में धर्मांतरण को लेकर कानून आने के 12 घंटे के अंदर बरेली जिले में शादी के लिए धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का पहला मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में 21 वर्षीय आरोपी युवक अहमद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अब इस कार्रवाई को लेकर पुलिस पर सवाल उठने लगे हैं।
आरोपी युवक के पिता मोहम्मद रफीक का आरोप है कि पुलिस ने तारीफ पाने और पदोन्नति के लिए एफआईआर दर्ज की है। महिला के परिजनों ने पुलिस के दबाव में एफआईआर दर्ज करवाई है। अहमद को बुधवार को गिरफ्तार किया गया था।