गोपालगंज जिले में उत्पाद विभाग ने वाहन जांच अभियान के दौरान एक बड़ी सफलता हासिल की है। मीरगंज थाना क्षेत्र के लाइन बाजार अमठा गांव के पास कोल्ड स्टोरेज के समीप जांच के दौरान एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने जब ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोका तो शुरुआती तलाशी में वाहन खाली मिला। लेकिन गहन जांच में ट्रॉली की बॉडी के नीचे बनाए गए गुप्त तहखाने से करीब 25 कार्टन विदेशी शराब बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा लगभग 216 लीटर बताई जा रही है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सिवान जिले के जामो निवासी नवीन कुमार और बड़हरिया निवासी अजय प्रसाद के रूप में हुई है। दोनों से पूछताछ की जा रही है ताकि पूरे तस्करी नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि शराब की यह खेप उत्तर प्रदेश से लाई गई थी और इसे सिवान जिले में सप्लाई किया जाना था। उत्पाद विभाग अब इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटा है कि इस तस्करी के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
इस कार्रवाई ने शराब तस्करों के नए तरीके का खुलासा किया है, जिसमें ट्रॉली की बॉडी में गुप्त तहखाना बनाकर शराब छिपाई जा रही थी। पुलिस का कहना है कि ऐसे मामलों पर लगातार नजर रखी जा रही है और तस्करी के नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के लिए अभियान जारी रहेगा।