नई दिल्ली : कहा जाता है कि शेर जंगलों का राजा होता है, लेकिन कभी-कभी वो भी बेबस नजर आता है। एक ऐसी ही बेबसी की तस्वीर एक कैमरे में कैद हो गई। जहां शेरनी के सामने ही उसके एक शावक को तेंदुआ उठाकर ले जाता है और फिर उसे मारकर खा जाता है। इस हैरतअंगेज घटना के वक्त एक कैनेडियन शख्स वहां मौजूद था। जिसने इन सभी दृश्यों को अपने कैमरे में कैद कर लिया।
‘डेली मेल’ की रिपोर्ट के मुताबिक, तंजानिया के रूहा नेशनल पार्क (Ruaha National Park) में एक शेरनी अपने बच्चों (शावकों) के लिए भोजन की तलाश में जा रही थी। लेकिन तभी एक भूखे तेंदुए की नजर शेरनी के बच्चों पर पड़ गई।
तेंदुए ने तीन सप्ताह के शावक को शेरनी से छीन लिया और उसे खाने के लिए पास के पेड़ पर चढ़ गया। शावक की मां सुरक्षा के लिए अपने बच्चों को एक सूखी झाड़ी में ले जा रही थी, ताकि वह भोजन की तलाश में जा सके। लेकिन तभी तेंदुए ने उसके बच्चे को छीन लिया।
Daring leopard snatches a LION cub from under its mother’s nose and devours it https://t.co/gkoBZLBBlM
— Daily Mail Online (@MailOnline) October 26, 2021
आपको बता दें कि कनाडा के 54 वर्षीय स्कॉट हाइमन ने सितंबर में यह दृश्य देखा और इसे कैमरे में कैद करने में कामयाब रहे। उन्होंने कहा कि शेरनी अपने शावकों को सुरक्षा के लिए एक-एक कर झाड़ी में ले जा रही थी। तभी पीछे छूटे एक शावक को 160 पाउंड वजनी एक तेंदुआ उठा ले गया।
तेंदुए ने शावक को अपने जबड़े में पकड़ रखा था। पेड़ पर बैठकर उसने शावक को मार डाला और अपना निवाला बना लिया। शेरनी ये सब देखकर भी असहाय नजर आई, क्योंकि वो ना तो पेड़ पर चढ़ सकती थी और ना ही तेंदुए को दौड़ाकर पकड़ सकती थी।