नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी के पूर्व सदस्य कवि कुमार विश्वास ने AAP पार्टी के मुखिया और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर बड़ा तंज कसा है। छठ पूजन के लिए यमुना के झाग में खड़े व्रतियों की तस्वीर पोस्ट कर उन्होंने मजाकिया अंदाज में केजरीवाल की तुलना गंगा नदी को धरती पर लाने वाले भगीरथ से की। इसके साथ ही उन्होंने आगामी पंजाब चुनाव को लेकर भी केजरीवाल पर निशाना साधा।
कुमार विश्वास ने लिखा कि भगीरथ जी स्वर्ग से गंगा को बादलों के जिस मार्ग से उतार कर लाए थे, ‘लघुकाय-लंपट’ जी, यमुना जी को उसी रास्ते दिल्ली ले आएं हैं, और वो भी ‘मुफ़्त’। और हां, इस बार वायु-प्रदूषण की जिम्मेदारी हरियाणा के किसानों पर रहेगी, पंजाब वालों पर नहीं, क्योंकि वहां कुछ महीनों में चुनाव हैं।
भगीरथ जी स्वर्ग से गंगा, बादलों के जिस मार्ग से उतार कर लाए थे “लघुकाय-लंपट” जी,यमुना जी को उसी रास्ते दिल्ली ले आएँ हैं, और वो भी “मुफ़्त”😜🙈👍
(और हाँ,इस बार वायु-प्रदूषण की ज़िम्मेदारी हरियाणा के किसानों पर रहेगी, पंजाब वालों पर नहीं,क्यूँकि वहाँ कुछ महीनों में चुनाव हैं😜🙏) pic.twitter.com/vvx7d1dgpi— Dr Kumar Vishvas (@DrKumarVishwas) November 9, 2021
इसके साथ ही विश्वास ने कहा कि दिल्ली को एक और “फ़्री” सुविधा के लिए बधाई। अब तो यमुना में बादल भी उतार दिए, गली-गली मुफ़्त का नरक कोविड के दौरान दिखा ही दिया था। टैक्सपेयर्स के पैसे पर TV में कालनेमि-लाइव देखा ही होगा। अब पंजाब में यही कौशल दिखाने का अवसर दें “स्वराज-शिरोमणि लघुकाय आत्ममुग्ध धूर्तेश्वर” को
दिल्ली को एक और “फ़्री” सुविधा के लिए बधाई।अब तो यमुना में बादल भी उतार दिए, गली-गली मुफ़्त का नरक कोविड के दौरान दिखा ही दिया था।टैक्सपेयर्स के पैसे पर TV में कालनेमि-लाइव देखा ही होगा।अब पंजाब में यही कौशल दिखाने का अवसर दें “स्वराज-शिरोमणि लघुकाय आत्ममुग्ध धूर्तेश्वर” को🙏😂👞 https://t.co/A6n3gfCZaa
— Dr Kumar Vishvas (@DrKumarVishwas) November 7, 2021
हर साल यमुना के जहरीले पानी में पूजा करते हैं व्रती
दरअसल पिछले कई सालों से यमुना के पानी में जहरीला झाग बना ही रहता है। इसी में खड़े होकर व्रतियों को मजबूरन पूजन करना पड़ता है। गौरतलब है कि दिल्ली चुनावों से पहले अरविंद केजरीवाल ने यमुना को साफ करने का मुद्दा उठाया था, लेकिन दिल्ली सरकार के छह साल के बाद भी दिल्ली में यमुना साफ नहीं हो पाई है। इसी बात पर कुमार विश्वास ने केजरीवाल पर तंज कसा है।
AAP सरकार ने UP और हरियाणा सरकार को ठहराया जिम्मेदार
वहीं, दिल्ली सरकार के राष्ट्रीय प्रवक्ता और दिल्ली जल बोर्ड के अध्यक्ष राघव चड्ढा ने कहा कि यमुना में जो झाग है वह ओखला बैरेज इलाके में है, जो उत्तर प्रदेश सरकार के सिंचाई विभाग के अंतर्गत आता है। इसलिए यह UP सरकार की जिम्मेदारी है। लेकिन हर साल की तरह इस साल भी योगी सरकार नाकाम रही है। यह प्रदूषित पानी दिल्ली का नहीं है, यह UP और हरियाणा से दिल्ली को मिलने वाला तोहफा है।