खंडवा बाल कल्याण समिति के सदस्य स्वप्निल जैन और रुचि पाटिल ने आर.सी.व्ही.पी. नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी, भोपाल में आयोजित 13 दिवसीय इंडक्शन प्रशिक्षण में सहभागिता की। यह प्रशिक्षण नवनियुक्त अध्यक्षों और सदस्यों के लिए आयोजित किया गया था, जिसका उद्देश्य बाल कल्याण से जुड़े कार्यों की समझ को और अधिक सशक्त बनाना था।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों सहित कुल 19 जिलों के 36 प्रतिभागियों ने भाग लिया। इसमें भोपाल, इंदौर, खंडवा, बुरहानपुर, बालाघाट सहित कई जिले शामिल रहे। कार्यक्रम का आयोजन सावित्रीबाई फुले राष्ट्रीय महिला एवं बाल विकास संस्थान, नई दिल्ली द्वारा किया गया।
तेरह दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने किशोर न्याय अधिनियम 2015 और बाल संरक्षण से जुड़े विभिन्न प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी। प्रतिभागियों को बाल देखरेख संस्थाओं जैसे विशेष दत्तक ग्रहण एजेंसी, बालिका गृह, ओपन शेल्टर होम आदि का अध्ययन भ्रमण भी कराया गया।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के अंतर्गत कार्यरत सावित्रीबाई फुले राष्ट्रीय महिला एवं बाल विकास संस्थान द्वारा आयोजित किया गया। डॉ. नवीदा खातून के नेतृत्व में पूरा कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। संस्थान देशभर में महिला एवं बाल विकास के क्षेत्र में प्रशिक्षण, अनुसंधान और नीति निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

प्रशिक्षण के अंतिम दिवस पर प्रतिभागियों से फीडबैक लिया गया और उन्हें प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर प्रशिक्षण संचालक एच.के. सिंह एवं सह संचालक मुजीबुर्रहमान खान उपस्थित रहे। यह कार्यक्रम बाल कल्याण क्षेत्र में कार्य कर रहे सदस्यों के लिए एक महत्वपूर्ण अनुभव साबित हुआ।