कोरोना संक्रमितों के मामले में प्रशासन को राहत की खबर है। तीन संक्रमितों के संपर्क में आए परिवारों और मिलने वालों की कोरोना जांच रिपोर्ट नैगेटिव आई हैं। रिपोर्ट से क्वारंटाइन सभी लोगों के चेहरे पर राहत के भाव नजर आए। अब स्वास्थ्य विभाग उन्हें होम क्वारंटाइन कराएगा। गुरुवार को अलीगढ़ प्रयोगशाला से स्वास्थ्य विभाग को 57 रिपोर्ट नैगेटिव आने से कुछ राहत मिली है। जबकि चौथे कोरोना संक्रमित युवक के संपर्क में आए लोगों की रिपोर्ट शुक्रवार की देर शाम तक आएंगी।
रिपोर्ट को लेकर स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ जिला प्रशासन की धड़कन भी बढ़ी हुईं थीं। दरअसल, उनकी निगाह यहां विगत रोज कोरोना से संक्रमित हुए चार युवकों में से तीन के परिजनों और संपर्क में आए सभी लोगों की कोरोना की जांच कराई गई थी। स्वास्थ्य विभाग ने सभी के नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे थे। गुरुवार दोपहर बाद प्रयोगशाला से 57 जांच रिपोर्ट नैगेटिव आईं तो सभी को कुछ राहत मिली।