कर्नाटक के मांड्या में मंदिर के तीन पुजारियों की हत्या के मामले में सोमवार को पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मांड्या के एसपी परशुराम के. ने कहा कि इस मामले में शामिल नौ लोगों में से पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया। जबकि चार आरोपी अभी भी फरार हैं।
मांड्या के अर्केश्वर मंदिर में 10 सितंबर की रात इन नौ आरोपियों ने तीन पुजारी आनंद, गणेश और प्रकाश की निर्मम हत्या कर मंदिर से नकदी लेकर फरार हो गए थे। पुलिस को सूचना मिली कि कुछ लोग मांड्या जिले के मद्दुर तालुक में एक बस स्टैंड पर घूम रहे हैं जिनकी गतिविधियां संदिग्ध हैं।
जब पुलिस ने उन्हें घेर कर आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, तो उन्होंने पुलिसकर्मियों पर धारदार हथियारों से हमला कर भागने की कोशिश की और एक इंस्पेक्टर को घायल कर दिया। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए गोली चलाई। इसमें तीन आरोपियों के पैर में गोली लग गई।