भोपाल। मध्य प्रदेश में पीएमश्री एयर एंबुलेंस सेवा को लेकर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भाजपा सरकार पर स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर बड़े-बड़े दावे करने, लेकिन योजनाओं का लाभ जनता तक नहीं पहुंचाने का आरोप लगाया है।
जीतू पटवारी ने कहा कि मई 2024 में शुरू हुई पीएमश्री एयर एंबुलेंस सेवा पर करीब 35 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। इस योजना का उद्देश्य दुर्घटना में घायल, गंभीर बीमार और जरूरतमंद मरीजों को बेहतर अस्पताल तक जल्द पहुंचाना था।लेकिन कांग्रेस के मुताबिक, प्रदेश के 30 जिलों में अब तक एक भी मरीज इस सेवा का लाभ नहीं उठा सका। पटवारी ने सवाल किया कि यदि करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, तो जरूरतमंद मरीजों तक यह सुविधा क्यों नहीं पहुंच रही?
उन्होंने कहा कि दो वर्षों में 159 मरीजों को एयर एंबुलेंस सेवा मिली, जिनमें 56 मरीज अकेले रीवा जिले के बताए जा रहे हैं। इससे साफ है कि योजना का लाभ पूरे प्रदेश में समान रूप से नहीं पहुंच रहा है।पटवारी ने सरकार से पूछा कि एयर एंबुलेंस के लिए अब तक कितने घंटे का भुगतान किया गया, वास्तव में कितने घंटे सेवा संचालित हुई और प्रति घंटे कितना भुगतान किया जा रहा है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि जिला स्तर पर लोगों को इस योजना की जानकारी क्यों नहीं दी गई और अस्पतालों व स्वास्थ्य विभाग के बीच समन्वय की कमी क्यों है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने मांग की कि सरकार एयर एंबुलेंस सेवा से जुड़ा पूरा वित्तीय और प्रशासनिक विवरण सार्वजनिक करे। इसमें संबंधित एजेंसी, भुगतान की शर्तें, सेवा के वास्तविक उपयोग और लाभार्थियों की जानकारी शामिल होनी चाहिए।उन्होंने कहा कि गंभीर मरीज के लिए हर मिनट महत्वपूर्ण होता है। ऐसे में एयर एंबुलेंस जैसी जीवनरक्षक सुविधा का लाभ समय पर नहीं मिलना प्रशासनिक लापरवाही का गंभीर मामला है।
जीतू पटवारी ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि एक तरफ योजनाओं के प्रचार पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ मरीजों को उनका लाभ नहीं मिल रहा। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश की जनता को विज्ञापन नहीं, इलाज चाहिए; घोषणाएं नहीं, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं चाहिए।