जावरा-सीतामऊ रोड पर असावती, भड़का और रोला सहित दर्जनों गांवों के ग्रामीणों ने अधूरी पुलिया निर्माण को लेकर चक्का जाम कर दिया। ग्रामीण पिछले 12 वर्षों से लंबित निर्माण कार्य से नाराज थे।
सुबह 7:30 बजे बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क पर उतर आए और आवागमन पूरी तरह रोक दिया। शासन-प्रशासन की अनदेखी के खिलाफ लोगों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
सूचना मिलने पर सेतु विभाग के इंजीनियर, पुलिस बल और नायब तहसीलदार वैभव जैन मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति को शांत करने का प्रयास किया।
लंबी बातचीत के बाद अधिकारियों ने लिखित आश्वासन दिया कि असावती, भड़का और रोला की पुलिया का अस्थाई व स्थाई निर्माण तय समय सीमा में पूरा किया जाएगा। जल्द ही कुछ पुलियों पर आवागमन भी शुरू किया जाएगा।

लिखित आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणों ने चक्का जाम समाप्त कर दिया। हालांकि उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय पर कार्य पूरा नहीं हुआ तो फिर से उग्र आंदोलन किया जाएगा।
धरना प्रदर्शन में आसपास के गांवों के सैकड़ों ग्रामीण शामिल हुए और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।