छिंदवाड़ा में जैन सकल समाज के प्रतिनिधियों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री मोहन यादव के नाम ज्ञापन सौंपा। समाज ने हाल ही में विहाररत आर्यिका माताजी के साथ हुई दुर्घटना को गंभीर बताते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की।
समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि यह घटना केवल सड़क दुर्घटना नहीं मानी जा सकती, बल्कि इसमें कई पहलुओं की निष्पक्ष जांच आवश्यक है। उन्होंने उपलब्ध वीडियो और तथ्यों के आधार पर मामले की पारदर्शी जांच की मांग की है।
ज्ञापन में मांग की गई है कि पूरे मामले की SIT या न्यायिक जांच कराई जाए। साथ ही सभी CCTV फुटेज और डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखा जाए ताकि जांच प्रभावित न हो।
जैन समाज ने मांग की कि विहाररत साधु-संतों की सुरक्षा के लिए विशेष “संत सुरक्षा प्रोटोकॉल” लागू किया जाए। संवेदनशील मार्गों पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात भी कही गई है।
समाज ने कहा कि यदि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही या षड्यंत्र सामने आता है तो दोषियों पर कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाए। ज्ञापन में संतों की सुरक्षा को लेकर विशेष संवेदनशील श्रेणी बनाए जाने की भी अपील की गई है।