जबलपुर के प्रेम सागर साहू मोहल्ले में देर रात बमबाजी की घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि यह हमला सुनियोजित तरीके से किया गया था।
घटना से आहत देवेंद्र प्रसाद पासी अपने परिवार के साथ एसपी कार्यालय पहुंचे और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि मोनू रजक और उसके साथियों ने उनके घर पर बम फेंककर हमला किया।
घटना का सीसीटीवी फुटेज और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फुटेज में कुछ संदिग्ध लोग बमबाजी करते हुए नजर आ रहे हैं। पीड़ित पक्ष ने यही फुटेज पुलिस को सौंपकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
परिवार का कहना है कि उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। घटना के बाद से वे काफी दहशत में हैं और सुरक्षा की मांग कर रहे हैं।

मामले को गंभीरता से लेते हुए हनुमानताल थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी हुई है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।