1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. भोपाल युवा कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन: स्वास्थ्य मंत्री के निवास का घेराव, बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था पर सरकार को घेरा

भोपाल युवा कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन: स्वास्थ्य मंत्री के निवास का घेराव, बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था पर सरकार को घेरा

मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस ने प्रदेश की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था और रीवा की घटना के विरोध में स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल के भोपाल स्थित निवास का घेराव किया। प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया और जिला अध्यक्ष अंकित दुबे के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन के दौरान पुलिस से झड़प भी हुई। युवा कांग्रेस ने अस्पतालों में डॉक्टर, दवा और एम्बुलेंस की कमी का आरोप लगाते हुए स्वास्थ्य मंत्री के इस्तीफे की मांग की है।

By: Nivedita 
Updated:
भोपाल युवा कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन: स्वास्थ्य मंत्री के निवास का घेराव, बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था पर सरकार को घेरा

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में स्वास्थ्य सेवाओं की लचर स्थिति और सरकार की कथित लापरवाही के खिलाफ युवा कांग्रेस का आक्रोश खुलकर सामने आया है। मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया (यश लखन घनघोरिया) के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल के निवास का घेराव करने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प भी देखने को मिली।

‘वेंटिलेटर पर स्वास्थ्य व्यवस्था, जवाब दो सरकार’

प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मध्य प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्थाएं पूरी तरह से चरमरा गई हैं। वेंटिलेटर पर चल रही चिकित्सा व्यवस्थाओं को लेकर कार्यकर्ताओं ने सरकार से सीधा जवाब मांगा। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में न तो पर्याप्त डॉक्टर हैं, न ही जरूरी दवाइयां मिल पा रही हैं और आपातकालीन स्थिति में मरीजों के लिए एम्बुलेंस तक उपलब्ध नहीं है।

 

रीवा से भोपाल तक लापरवाही और स्वास्थ्य मंत्री के इस्तीफे की मांग

युवा कांग्रेस अध्यक्ष यश घनघोरिया ने कहा कि खुद स्वास्थ्य मंत्री के गृह जिले रीवा से लेकर राजधानी भोपाल तक सरकारी तंत्र की लापरवाही के कारण लगातार निर्दोष लोगों की जानें जा रही हैं। आम जनता इलाज के अभाव में दम तोड़ रही है और स्वास्थ्य मंत्री अपनी नैतिक जवाबदेही से भाग रहे हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए युवा कांग्रेस नेताओं ने स्वास्थ्य मंत्री से उनके पद से तत्काल इस्तीफे की मांग की है।

पुलिस बैरिकेडिंग और कार्यकर्ताओं की भारी मौजूदगी

प्रदर्शन को नियंत्रित करने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा भारी सुरक्षा बल तैनात किया गया था और रास्ते में बैरिकेडिंग की गई थी। बैरिकेड्स पार करने के दौरान पुलिस और युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झूमाझटकी भी हुई, लेकिन कार्यकर्ताओं ने अपना विरोध प्रदर्शन जारी रखा। इस उग्र प्रदर्शन में भोपाल शहर और ग्रामीण जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष अंकित दुबे, राहुल मंडलोई, प्रदेश महासचिव रोहित राजोरिया, प्रदेश सचिव मोहित सक्सेना, नरेंद्र यादव, लोकेन्द्र शर्मा, जयंत जोशी, अनिकेत द्विवेदी, अंशुल सिंह भूरी, विधानसभा अध्यक्ष प्रियंक सखबार, तनवीर नूर, जिला महासचिव सोनू लोधी और कुणाल गजभिए सहित सैकड़ों कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...