भारतीय मूल के अर्थशास्त्री आभास झा को दक्षिण एशिया में विश्व बैंक में अहम पद पर नियुक्त किया गया है। आभास झा को जलवायु परिवर्तन और आपदा प्रबंधन के पद की जिम्मेदारी दी गई है।
विश्व बैंक में महत्वपूर्ण पर नियुक्त किए जाने वाले भारतीय अर्थशास्त्री आभास झा बिहार की राजधानी पटना स्थित सेंट जोवियर्स हाई स्कूल के पूर्व छात्र रहे है। 2001 में झा ने विश्व बैंक ज्वाइन किया था। वह बांग्लादेश, भूटान, भारत और श्रीलंका के बैंक कार्यालय में कार्यकारी निदेशक भी रह चुके है।
विश्व बैंक ने एक बयान जारी करते हुए कहा है कि बैंक में दक्षिण एशिया में जलवायु परिवर्तन व आपदा प्रबंधन पर कार्यविधि प्रबंधक के रूप में आभास झा को नियुक्त किया गया है। उनकी जिम्मेदारी दक्षिण एशियाई क्षेत्र में आपदा जोखिम प्रबंधन और जलवायु परिवर्तन टीम और वैश्विक व्यवहार सीमाओं को जोड़ने और उनके साथ तालमेल बढ़ाने की होगी।
बता दें, आभास झा के अधिकार क्षेत्र में भारत, बांग्लादेश, पाकिस्तान, अफगानिस्तान, श्रीलंका, नेपाल और मालदीव शामिल है। झा की नियुक्ति ऐसे समय मे हुई है जब भारत और बांग्लादेश में अम्फान चक्रवात तूफान से भारी नुकसान हुआ है।