भारत-चीन के बीच पूर्वी लद्दाख में एलएसी पर जारी तनाव के बीच दोनों देशों के बीच पिछले 20 दिनों में तीन बार गोली चलने की घटनाएं हुई है। एलसी पर जारी सीमा विवाद के बीच दोनों देशों के बीच हुई कई दौर की वार्ताओं से भी तनाव कम नहीं हुआ है। बता दें कि वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर भारत-चीन के बीच 45 साल बाद गोलियां चली है।
समाचार एजेंसी एएनआई के सेना सूत्रों ने बताया, पहली घटना 29 से 31 अगस्त के बीच हुई जब भारतीय सैनिकों ने चीनी सैनिकों का पैंगोंग त्सो झील के दक्षिणी किनारे के इलाके में स्थित ऊंचाई पर कब्जा करने का प्रयास विफल कर दिया था। दोनों देशों के सैनिकों के बीच फायरिंग की दूसरी घटना सात सितंबर को मुखपारी चोटी के पास हुई थी।
सेना के सूत्रों ने कहा, तीसरी घटना आठ सितंबर को पैंगोंग त्सो झील के उत्तरी किनारे पर हुई थी। इसमें दोनों पक्षों के सैनिकों ने 100 राउंड से ज्यादा फायरिंग की थी। इतनी भारी संख्या में गोलीबारी इसलिए हुई क्योंकि चीनी सैनिक बहुत आक्रामक तरीके से व्यवहार कर रहे थे। इन घटनाओं से जाहिर होता है कि दोनों देशों के बीच तनाव किस हद तक बढ़ चुका है।