1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. कोरोना महामारी को देखते हुए UP में मोहर्रम पर नहीं निकाल सकेंगे ताजिया जुलूस, योगी सरकार ने लगाई रोक

कोरोना महामारी को देखते हुए UP में मोहर्रम पर नहीं निकाल सकेंगे ताजिया जुलूस, योगी सरकार ने लगाई रोक

कोरोना महामारी संक्रमण के दृष्टिगत किसी प्रकार के जुलूस/ ताजिया की अनुमति न दी जाए और धर्म गुरुओं से संवाद स्थापित कर कोविड-19 महामारी के रोकथाम के लिए दिये गये निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
कोरोना महामारी को देखते हुए UP में मोहर्रम पर नहीं निकाल सकेंगे ताजिया जुलूस, योगी सरकार ने लगाई रोक

रिपोर्ट: सत्यम दुबे

लखनऊ: योगी सरकार ने उत्तर प्रदेश में कोरोना के तीसरी लहर के आशंकाओं के बीच मोहर्रम पर जुलूस या ताजिया निकालने पर पूरी तरह से रोक लगा दी है। सरकार की तरफ से रोक को लेकर जिलों के अधिकारियों को आदेश जारी कर दिए गए हैं। जारी आदेश में कहा गया है कि धर्म गुरुओं से संवाद स्थापित कर कोविड-19 महामारी के रोकथाम के लिए दिये गये निर्देशों का कड़ाई से पालन कराया जाए।

आपको बता दें कि यूपी के अपर मुख्य सचिव (गृह) अवनीश कुमार अवस्थी ने शनिवार को राज्य के सभी जिलों के जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों और उच्चाधिकारियों को भेजे गये दिशा निर्देश में असामाजिक तत्वों द्वारा कानून-व्यवस्था एवं सांप्रदायिक सौहार्द्र को भंग करने का प्रयास किये जाने तथा आतंकवादियों द्वारा सामान्य नागरिकों को नुकसान पहुंचाने की आशंका तथा कोविड-19 महामारी के प्रभाव को कम करने के लिए हिदायत दी गई हैं।

इसके साथ ही भेजे गये पत्र में अवस्थी ने कहा, कोरोना महामारी संक्रमण के दृष्टिगत किसी प्रकार के जुलूस/ ताजिया की अनुमति न दी जाए और धर्म गुरुओं से संवाद स्थापित कर कोविड-19 महामारी के रोकथाम के लिए दिये गये निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए।

जारी निर्देश के अनुसार सार्वजनिक रूप से ताजिया एवं अलम स्थापित नहीं किये जाएंगे हालांकि ताजिया एवं अलम की स्थापना अपने अपने घरों में किये जाने पर किसी प्रकार की रोक नहीं होगी। इसके मुताबिक संवेदनशील, सांप्रदायिक एवं कंटेनमेंट जोन में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किए जाएं तथा किसी भी धार्मिक स्थल पर लोगों की भीड़ एकत्र न होने पाए।

साथ ही हिदायत दी गई कि सार्वजनिक स्थलों, बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन व धार्मिक स्थलों पर आवश्यक चेकिंग कराया जाय। अपर मुख्य सचिव गृह ने अपने पत्र में जन सुविधाओं जैसे बिजली, पेयजल और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के साथ धारा 144 लगाते हुए कड़ाई से इसका अनुपालन सुनिश्चित कराने को कहा है।

इसके साथ ही उन्होंने सोशल मीडिया की नियमित निगरानी कराने को कहा है और कोई भी आपत्तिजनक पोस्ट संज्ञान में आते ही तत्काल उसे ब्लॉक करते हुए प्रभावी कार्यवाही के निर्देश दिये हैं। अवस्थी ने पत्र में यह भी लिखा है कि श्रावण मास के मध्य मोहर्रम पड़ने के कारण संवेदनशीलता में वृद्धि होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है, इसलिए विशेष सतर्कता एवं प्रभावी उपाय सुनिश्चित किये जाएं।

केरल सरकार ने ईद पर छूट दे दी थी, जिससे केरल आज भी कोरोना के विस्फोट का केंद्र बना हुआ है। योगी सरकार की नीति और रणनीति का ही परिणाम है कि उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा जनसंख्या होने के बाद महामारी दम तोड़ती नजर आ रही है। इसके साथ ही लगभग 50 जिलो में कोरोना के एक भी नये मामले सामने नहीं आये हैं। सरकार चाहती है कि सभी अपने घरों में मोहर्रम मनाएं जिससे सूबे में महामारी बढ़ने न पाये।

 

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...