पन्ना: जिले में सुबह से हो रही तेज बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है। कई जगहों पर नालों में तेज बहाव देखने को मिल रहा है। इस बीच खोरा और अमर्छि नाले में जोखिम उठाकर पानी पार करने की कोशिश करते लोग नजर आए। इसी दौरान बाइक सवार और एक महिला तेज बहाव की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए।
खोरा और अमर्छि नाले में पानी का बहाव तेज होने के बावजूद लोग आवाजाही करते रहे। इसी दौरान एक बाइक सवार अपनी बाइक के साथ बहाव में फंस गया। वहीं एक महिला भी पानी की तेज धारा में बहने लगी। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल मदद के लिए आगे बढ़कर महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते सहायता मिलने से बड़ा हादसा टल गया।
लगातार बारिश के कारण जिले के कई नदी-नालों में पानी बढ़ने की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में तेज बहाव वाले रास्तों को पार करने की कोशिश करना जानलेवा साबित हो सकता है। स्थानीय लोगों से बारिश के दौरान सावधानी बरतने और जलभराव वाले रास्तों से दूरी बनाए रखने की अपील की जा रही है।
वहीं अजयगढ़ क्षेत्र की विश्रामगंज घाटी में भारी-भरकम पेड़ अचानक मुख्य सड़क पर गिर गया। पेड़ के सड़क पर आ जाने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात बाधित हो गया।
सड़क पर पेड़ गिरने की जानकारी के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और रास्ता साफ करने का प्रयास शुरू किया। पेड़ हटाए जाने तक सड़क पर आवागमन प्रभावित रहा। लगातार बारिश के बीच जिले में कई स्थानों पर लोगों को जलभराव और आवागमन से जुड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।