1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. गोरखपुर में CM योगी ने जनता दरबार में सुनी फरियाद, जमीन की शिकायतों पर अधिकारियों को चेताया

गोरखपुर में CM योगी ने जनता दरबार में सुनी फरियाद, जमीन की शिकायतों पर अधिकारियों को चेताया

गोरखपुर दौरे के दूसरे दिन सुबह नित्य दिनचर्या के बाद गोरखनाथ मंदिर परिसर में जनता दरबार लगाया।

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
गोरखपुर में CM योगी ने जनता दरबार में सुनी फरियाद, जमीन की शिकायतों पर अधिकारियों को चेताया

रिपोर्ट: सत्यम दुबे

गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पूर्वांचल के दौरे पर हैं। गुरुवार को उन्होने वाराणसी का दौरा किया था। वहां सीएम योगी ने बाढ़ से प्रभावित लोगो से मुलाकात कर उनका हाल जाना था। साथ ही उन्होने बाढ़ प्रभावित लोगो को राहत सामग्री भी बांटी। इसके बाद सीएम शुक्रवार को गाजीपुर पहुंचे। यहां भी उन्होने बाढ़ की चपेट में आये इलाकों का हावाई सर्वेक्षण किया। यहां भी उन्होने बाढ़ से प्रभावित लोगो से मुलाकात की।

इसके बाद गोरखपुर के लिए रवाना हो गये। शनिवार को गोरखपुर दौरे के दूसरे दिन सुबह नित्य दिनचर्या के बाद गोरखनाथ मंदिर परिसर में जनता दरबार लगाया। जनता दरबार में CM योगी ने लोगों की फरियाद सुनी और उन्हें कार्रवाई का भरोसा दिलाया। जनता दरबार में गोरखपुर सहित अन्य जिलों से करीब 100 से अधिक फरियादी आए थे।

इस दौरान सीएम योगी एक-एक कर सभी फरियादियों के पास गए। सबकी समस्या सुनने के साथ प्रार्थना पत्र लेकर अधिकारियों को कार्रवाई का निर्देश दिया। वहीं अधिकारियों से कहा कि गोरखपुर मंडल के शिकायती पत्रों का निस्तारण वह जल्द करें। इसी में भू-माफिया की शिकायत पर सीएम ने सख्त रुख अपनाया तो अधिकारी तुरंत मौके पर दौड़ पड़े।

शनिवार को गोरखपुर मंदिर में लगे जनता दरबार में सीएम योगी के पास सबसे ज्यादा शिकायतें पुलिस और जमीनी विवादों से जुड़ी आई। इसपर सीएम योगी ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि जमीन से जुड़े मुद्दे थाने पर ही खत्म हो जाने चाहिए। यहां आने की नौबत नहीं आनी चाहिए।

CM योगी ने आगे कहा कि भूमि विवाद के मामलों पर गंभीर हो जाएं। भू-माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए उनसे सख्ती से निपटा जाए। आपको बता दें कि मंदिर में CM योगी की दिनचर्या परंपरागत रही। सुबह उन्होंने सबसे पहले गुरु गोरक्षनाथ के दरबार में हाजिरी लगाई और फिर अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ के समाधि स्थल पर जाकर उनका आशीर्वाद लिया।

इसके बाद मंदिर परिसर का भ्रमण करते हुए सीएम हमेशा की तरह गोशाला गए और करीब आधा घंटा गायों के बीच गुजारा। इस दौरान सीएम ने गायों को चना और गुड़ खिलाया। फिर मंदिर में सीएम योगी के कुत्ता कालू के नए साथी गुल्लू को भी दुलारा और उसे बिस्किट खिलाया।

आपको बता दें कि सीएम योगी मुख्यमंत्री बनने के बाद से ही जनता दरबार लगाते हैं। इसमें फरियादियों की समस्याओं को सुनकर सीएम तत्काल कार्रवाई के निर्देश देते हैं। बीच में कोरोना महामारी के भीषण दौर में जनता दरबार बंद कर दी गई थी। अब सूबे में महामारी काबू में आने के बाद एक फिर सीएम योगी ने जनता दरबार लगाना शुरु किया है।

जनता दरबार में लोग अपनी समस्याओं को लेकर CM योगी से मिलते हैं। जनता दरबार की सफलता को आप ऐसे भी समझ सकते हैं कि बहराइच जिले की एक गरीब महिला 40 साल से रास्ते के लिए परेशान थी। उन्होने जनता दरबार में सीएम योगी से मुलाकात कर अपनी परेशानी को बताया था। इसके बाद सीएम योगी ने उनको आश्वासन दिया था कि जल्द ही आपकी समस्या का समाधान हो जाएगा। उस महिला के घर पहुंचने से पहले ही स्थानीय प्रशासन ने रास्ते की व्यवस्था कराई।

 

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...