1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. गोरखपुर में सीएम योगी ने सुनीं 150 लोगों की समस्याएं, जरूरतमंदों के आयुष्मान कार्ड पर जोर

गोरखपुर में सीएम योगी ने सुनीं 150 लोगों की समस्याएं, जरूरतमंदों के आयुष्मान कार्ड पर जोर

गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता दर्शन के दौरान करीब 150 लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को सभी पात्र जरूरतमंदों के आयुष्मान कार्ड बनवाने और शिकायतों का समयबद्ध समाधान करने के निर्देश दिए। एक दिव्यांग की पेंशन बहाल कराने के साथ इलाज की व्यवस्था के निर्देश दिए गए। सीएम ने गोरखनाथ मंदिर की गोशाला में गोसेवा भी की।

By: Nivedita 
Updated:
गोरखपुर में सीएम योगी ने सुनीं 150 लोगों की समस्याएं, जरूरतमंदों के आयुष्मान कार्ड पर जोर

गोरखपुर:  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन के दौरान करीब 150 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने पहुंचे लोगों को मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार जरूरतमंदों के साथ खड़ी है।

हर पात्र जरूरतमंद का बने आयुष्मान कार्ड

जनता दर्शन में इलाज से जुड़ी समस्याएं लेकर पहुंचे लोगों के मामलों पर मुख्यमंत्री ने विशेष ध्यान दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी पात्र और जरूरतमंद लोगों का आयुष्मान कार्ड बनवाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि उन्हें उपचार के लिए आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े। मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुष्मान कार्ड की सुविधा के बाद भी यदि किसी जरूरतमंद को इलाज के लिए अतिरिक्त सहायता की आवश्यकता होती है तो विवेकाधीन कोष से मदद उपलब्ध कराने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

करीब 150 फरियादियों से सीएम ने की मुलाकात

महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री एक-एक करके फरियादियों तक पहुंचे और उनकी शिकायतें सुनीं। उन्होंने लोगों के प्रार्थना पत्र देखे और संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के निस्तारण के लिए निर्देश दिए। सीएम योगी ने फरियादियों से कहा कि वे परेशान न हों। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों का समाधान समयबद्ध, निष्पक्ष और संतोषजनक तरीके से किया जाए।

 

दिव्यांग की मदद के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश

देवरिया से आए एक दिव्यांग व्यक्ति ने मुख्यमंत्री के सामने इलाज के लिए सहायता की मांग रखी। बातचीत के दौरान पता चला कि उसका आयुष्मान कार्ड नहीं बना है। इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल कार्ड बनवाने की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए। दिव्यांग ने पेंशन बंद होने की जानकारी भी मुख्यमंत्री को दी। मामले की जानकारी लेने के बाद सीएम योगी ने संबंधित अधिकारियों को उसकी दिव्यांग पेंशन बहाल कराने के निर्देश दिए।

गोशाला में सीएम योगी ने की गोसेवा

गोरखनाथ मंदिर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने मंदिर की गोशाला में गोसेवा भी की। गुरु गोरखनाथ और अपने ब्रह्मलीन गुरु महंत अवेद्यनाथ का आशीर्वाद लेने के बाद उन्होंने गोवंश को अपने हाथों से गुड़ खिलाया। मुख्यमंत्री ने गोशाला के कर्मचारियों से गोवंश के स्वास्थ्य और टीकाकरण की जानकारी ली। उन्होंने पशुओं की नियमित देखभाल और स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए।

 

रिपोर्ट – अंकित श्रीवास्तव 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...