बालाघाट जिले के वन परिक्षेत्रों में इन दिनों जंगलों की अवैध कटाई का मामला गंभीर होता जा रहा है। उत्तर बैहर रेंज के अंतर्गत मंडई परिक्षेत्र की देवरी बीट के कक्ष क्रमांक 1080 में सरई जैसे मूल्यवान पेड़ों की बड़े पैमाने पर कटाई किए जाने की जानकारी सामने आई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, क्षेत्र में लगातार इमारती लकड़ी के पेड़ काटे जा रहे हैं, जिससे पर्यावरण को भारी नुकसान हो रहा है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि वन विभाग के जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारी इस पूरे मामले में लापरवाह बने हुए हैं। आरोप यह भी है कि वन रक्षक की भूमिका संदिग्ध है और वह अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के बजाय अन्य गतिविधियों पर अधिक ध्यान दे रहा है। इससे क्षेत्र में लकड़ी माफियाओं के हौसले और बढ़ते नजर आ रहे हैं।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि जब उन्होंने इस अवैध कटाई के संबंध में वन रक्षक से जानकारी लेने की कोशिश की, तो उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और कोई जवाब नहीं दिया गया। ग्रामीणों ने वन रक्षक पर मिलीभगत के भी आरोप लगाए हैं और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

ग्रामीणों ने संबंधित कक्ष क्रमांक 1080 की गहन जांच कराने और दोषी पाए जाने पर वन रक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही, उन्हें तत्काल प्रभाव से वहां से हटाने की भी मांग की जा रही है ताकि जंगलों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और अवैध कटाई पर रोक लग सके।